Advertisement
JabalpurNews

BAZ Report: जबलपुर से पुणे और बांद्रा की यात्रा हुई आसान, साप्ताहिक ट्रेनों के नियमित संचालन का शुभारंभ

जबलपुर। रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहतभरी खबर सामने आई है। अब जबलपुर से पुणे और बांद्रा के लिए यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक और सुगम होने जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा रविवार को जबलपुर–पुणे और जबलपुर–बांद्रा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नियमित संचालन शुरू होने के साथ ही अब यात्रियों को इन प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

विज्ञापन

नियमित संचालन में शामिल ट्रेनों में जबलपुर–पुणे (ट्रेन संख्या 20162/20161) और जबलपुर–बांद्रा (ट्रेन संख्या 20164/20163) शामिल हैं। लंबे समय से यात्रियों द्वारा इन मार्गों पर बेहतर रेल सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, पाटन विधायक अजय विश्नोई, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, बरगी विधायक नीरज सिंह लोधी तथा सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार और दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा और शशांक गुप्ता सहित कई अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विज्ञापन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जबलपुर से पुणे और बांद्रा के लिए नियमित रेल सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन मिलेगा, बल्कि इससे क्षेत्रीय विकास, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। खासकर नौकरी, शिक्षा और व्यवसाय के सिलसिले में महाराष्ट्र जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, रेल उपभोक्ता, रेलवे कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

जबलपुर से देश के प्रमुख शहरों की ओर रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने को शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page