
जबलपुर (BAZ News Network), 25 अगस्त 2025। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को जबलपुर में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अमावस्या है और भाजपा पूर्णमासी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस फर्क को जनता के बीच मजबूती से रखें।
बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री राकेश सिंह, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री प्रहलाद पटेल और राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे मौजूद रहे। संचालन सांसद सुश्री कविता पाटीदार ने किया और आभार महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने व्यक्त किया।


2014 राजनीति का टर्निंग प्वाइंट

नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 भारतीय राजनीति का टर्निंग प्वाइंट था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जिम्मेदार, जवाबदेह और रिपोर्ट कार्ड वाली सरकार की शुरुआत हुई।
उन्होंने कहा:
- पहले सरकारें जाति, वर्ग और क्षेत्र विशेष तक सीमित होती थीं।
- आज भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम कर रही है।
- अब घोषणा पत्र मात्र कागज नहीं, बल्कि देश का रोडमैप है।
भाजपा ही देश का इकलौता वैचारिक दल
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ही देश का एकमात्र वैचारिक दल है जिसने सत्ता के लिए कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने याद दिलाया कि:
- धारा 370 हटाने का संकल्प डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने लिया था, जिसे मोदी सरकार ने 2019 में पूरा किया।
- राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव 1989 में पारित हुआ और आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है।
- ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को न्याय दिलाया गया।
विपक्ष देश के विरोध तक पहुंच गया है
नड्डा ने कहा कि आज का विपक्ष बेहद गैर-जिम्मेदार है। “मोदी जी का विरोध करते-करते वे देश का विरोध करने लगे हैं।”
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भारत आज दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है, उसे ‘डेड इकॉनॉमी’ कहना गैर-जिम्मेदाराना है।
मध्यप्रदेश में क्रांतिकारी बदलाव
नड्डा ने प्रदेश के विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा:
- जबलपुर एयरपोर्ट पर 450 करोड़ का नया टर्मिनल बना।
- रीवा में एशिया का सबसे बड़ा 750 मेगावाट सोलर प्लांट लगा।
- उज्जैन का महाकाल महालोक प्रोजेक्ट 856 करोड़ रुपये का।
- लाडली बहना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और आदिवासी छात्रों की छात्रवृत्तियां सीधे जनता तक पहुंच रही हैं।
भाजपा सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल
नड्डा ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है:
- 14 करोड़ कार्यकर्ता और 2 करोड़ सक्रिय सदस्य।
- 8.25 लाख बूथों पर संगठन सक्रिय।
- उत्तरप्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा सरकार की पुनरावृत्ति।
प्रदेश नेतृत्व का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, और संगठन महामंत्री हितानंद जी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
- मुख्यमंत्री ने नड्डा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता ने भाजपा को मजबूत बनाया है।
- खण्डेलवाल ने हर बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प दोहराया।
- हितानंद जी ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाने की घोषणा की।