
जबलपुर, (BAZ News Network)। रांझी क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मियों ने गुरुवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज कर्मियों ने पूरे वार्ड की सड़कों पर कचरा फैला दिया और अंबेडकर वार्ड क्रमांक 62 के पार्षद अनुराग दाहिया के घर के सामने कचरे का ढेर लगाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। मस्ताना चौक और दर्शन सिंह तिराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर भी कचरा फेंके जाने से घंटों अफरातफरी और गंदगी का माहौल बना रहा।
तीन माह से नहीं मिला वेतन
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन से चार माह से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। त्योहारी सीजन में घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। मजबूरी और आक्रोश की स्थिति में उन्होंने यह कदम उठाया। सफाई कर्मियों के इस विरोध की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें पूरे इलाके में कचरे के ढेर साफ दिखाई दे रहे हैं।
संक्रामक रोग फैलने का खतरा
बारिश के मौसम में जगह-जगह कचरा फैल जाने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रीय व्यापारी और स्थानीय नागरिक गंदगी से परेशान रहे। कई स्थानों पर लोगों को आने-जाने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
युवा कांग्रेस ने किया समर्थन
युवा कांग्रेस नेता डॉ. अंशुल बर्मन (अभिमन्यु) ने सफाई कर्मियों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही वेतन भुगतान की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस नगर निगम जोन कार्यालय क्रमांक 10, रांझी का घेराव करेगी। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए, वरना स्थिति और उग्र हो सकती है।
इलाके में गहमागहमी
कचरा फैलाए जाने के बाद वार्ड में घंटों गहमागहमी का माहौल रहा। स्थानीय लोग भी पार्षद और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते नजर आए। साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारी खुद सड़कों को गंदा करने पर मजबूर हुए, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।