Jabalpur बरगी बांध के गेट जल्द खुल सकते हैं, 1000 क्यूमेक पानी छोड़ने की तैयारी

जबलपुर। रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना के बरगी जलाशय में लगातार बढ़ रही पानी की आवक से बांध प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। रविवार शाम 4 बजे तक बांध का जलस्तर 420.45 मीटर दर्ज किया गया। अमरकंटक, डिंडौरी और मंडला सहित जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में हो रही बारिश का सीधा असर बरगी बांध के जलस्तर पर पड़ रहा है।
कार्यपालन यंत्री बरगी बांध राजेश सिंह के मुताबिक जलाशय की जल उपयोगी क्षमता 2436 एमसीएम यानी 76.60 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में बांध में करीब 744 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आगामी 24 घंटे में बांध में पानी की आवक और बढ़ने की संभावना है।
1000 क्यूमेक तक पानी छोड़ने की बन सकती है स्थिति
परियोजना प्रशासन के अनुसार यदि कैचमेंट क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहता है तो आगामी 24 घंटे में बरगी बांध से करीब 1000 क्यूमेक पानी की निकासी की स्थिति बन सकती है। जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में बांध के जलद्वार कभी भी खोले जा सकते हैं।
वर्तमान में पावर हाउस को करीब 200 क्यूमेक पानी की आपूर्ति की जा रही है। बांध की कुल भराव क्षमता 422.76 मीटर है। ऐसे में जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि को देखते हुए परियोजना प्रशासन जलाशय की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
नर्मदा किनारे जाने से बचने की अपील
बांध में पानी की आवक बढ़ने और संभावित जल निकासी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को नर्मदा नदी के किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
परियोजना प्रशासन का कहना है कि जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार जलद्वार खोलने और पानी की निकासी का निर्णय लिया जाएगा।



