Jabalpur

ग्यारह रबीउल अव्वल की रात से गुलजार हुआ जबलपुर, ईद मिलादुन्नबी पर शहरभर में गूंजेगा दरूद-ओ-सलाम

रिपोर्ट अरशद क़ादरी, BAZ MEDIA जबलपुर। रहमतुल्लिल आलमीन, पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ के यौमे पैदाइश की 1501वीं सालगिरह के सिलसिले में जबलपुर में ईद मिलादुन्नबी की रौनक मंगलवार देर शाम से ही नजर आने लगी। मुस्लिम बहुल इलाकों की मसाजिद और मदरसों से नात-ए-पाक की सदाएं गूंजती रहीं। गलियों और मोहल्लों में आशिकाने रसूल ﷺ ने अपने-अपने अंदाज में जश्ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां कीं।

शहर का माहौल नात-ए-रसूल ﷺ की आवाजों से गुलजार नजर आया। ऐसा लगा मानो हर दिल, हर गली और हर मोहल्ला एक ही पुकार कर रहा हो—“सरकार की आमद मरहबा, सरकार की आमद मरहबा।”

कहीं महफिल-ए-मिलाद सजी तो कहीं नातख्वानी और दरूद-ओ-सलाम की महफिलें हुईं। बच्चों, नौजवानों और बुजुर्गों में भी इस मुबारक मौके को लेकर खासा उत्साह नजर आया। मुस्लिम समाज के लोगों के मुताबिक ईद मिलादुन्नबी सिर्फ खुशी का मौका नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत और उनकी तालीमात को अपनी जिंदगी में अपनाने का अवसर भी है।

ईद मिलादुन्नबी पर शहरभर में निकलेंगे जुलूस-ए-मोहम्मदी

आज बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व जबलपुर सहित देशभर में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाएंगे। आशिकाने रसूल ﷺ दरूद-ओ-सलाम पेश करते हुए जुलूस में शामिल होंगे और पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत, उनकी तालीमात तथा इंसानियत, अमन और भाईचारे के पैगाम को याद करेंगे।

शहर की मसाजिद, मदरसों और धार्मिक संस्थानों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने जुलूसों में अदब, एहतराम, शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

अदब और अमन के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील

मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने जुलूस-ए-मोहम्मदी में अदब और एहतराम के साथ शिरकत करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सिर पर टोपी लगाकर जुलूस में शामिल होने और दरूद-ओ-सलाम पेश करते हुए चलने की गुजारिश की।

उन्होंने बड़े झंडे नहीं लहराने, उनकी जगह छोटे झंडों का इस्तेमाल करने, आतिशबाजी से परहेज करने और जुलूस के दौरान अमन-ओ-शांति बनाए रखने की हिदायत दी है।

नया मोहल्ला से दोपहर 2.30 बजे निकलेगा जुलूस

बज्म-ए-गुलशने मदीना के संयोजन में बुधवार को बाद नमाज-ए-जुहर दोपहर 2.30 बजे नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की कयादत मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी करेंगे।

जुलूस की शुरुआत में कमेटी के संरक्षक खालिद मुबीन तथा सदस्यों हाफिज अशफाक, हाजी मुश्ताक, हाजी इसरार और हाजी सलीमुद्दीन द्वारा मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश का इस्तकबाल किया जाएगा।

मोहम्मदी गेट पर पप्पू वसीम खान, बाबा रिजवान, नसीम खान, हाफिज इश्तियाक, रऊफ रजवी, प्यारे साहब, जमा खान, मुईन खान, आसिफ एंथोनी और हाजी अल्ताफ द्वारा स्वागत किया जाएगा।

जुलूस नया मोहल्ला और मोहम्मदी गेट से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गश्त करते हुए अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा। यहां मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश मुस्लिम समाज को संबोधित करेंगे। इसके बाद सलातो-सलाम के साथ जुलूस का समापन होगा।

मोतीनाला से निकलेगा कदीमी जुलूस

मुस्लिम बहुल क्षेत्र मोतीनाला स्थित सुलेमानी मस्जिद से बुधवार दोपहर 2 बजे कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस नायब-ए-मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत सूफी जियाउल हक कादरी की कयादत और डॉक्टर हाजी जियाउद्दीन की हिमायत में निकलेगा।

प्रमुख मार्गों से गश्त के बाद जुलूस सुलेमानी मस्जिद पहुंचेगा, जहां सलातो-सलाम पेश किया जाएगा।

मंडी मदार टेकरी से भी निकलेगा जुलूस

गुलशने कुरैश कमेटी के तत्वावधान में दोपहर 2 बजे मंडी मदार टेकरी जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस प्रमुख मार्गों से होते हुए अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा।

कमेटी के अध्यक्ष आमीन कुरैशी ने सभी से शालीनता, अदब और भाईचारे के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है। शहर के अन्य क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस भी अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेंगे।

फैजाने मदीना से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में दावते इस्लामी जबलपुर की जानिब से भी अजीमुश्शान जुलूसे मोहम्मदी निकाला जाएगा। यह जुलूस बाद नमाज-ए-जुहर दोपहर 2 बजे रजा चौक, मिल्क स्कीम रोड स्थित फैजाने मदीना से रवाना होगा।

हाजी मोहम्मद जावेद अत्तारी ने आशिकाने रसूल ﷺ से अधिक से अधिक संख्या में शिरकत करने की गुजारिश की है।

सदर बाजार में भी निकलेगा जुलूस

सदर बाजार में दोपहर 2 बजे अकबर खान सरवर, इनायत अली शाह, अशफाक कुरैशी और सिकंदर बाबा की कयादत में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस सदर बाजार की गलियों से गश्त करते हुए पेंटीनाका चौक पहुंचेगा और इसके बाद जामा मस्जिद सदर बाजार में इसका समापन किया जाएगा।

समाजसेवी अकबर खान सरवर ने सदर बाजार के रहवासियों से शालीनता, अमन और सद्भाव के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है।

गढ़ा क्षेत्र से भी निकलेगा जुलूस

गढ़ा क्षेत्र में भी दोपहर 2 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की कयादत अल्लामा मौलाना अल्हाज सैय्यद इकबाल अहमद शम्स रब्बानी, मौलाना फजले रब अशरफी, हाजी तौसीफ रजा, सूफी मुबारक कादरी, सैय्यद कादिर कादरी, निजाम कादरी, खलीफा इनायत कादरी, निजाम बाबा, नियाज मंसूरी और जवाहर कादरी करेंगे।

गुलशने फलक संस्था के हाजी मोहम्मद असलम, मोहम्मद सादिक खान, सलीम खान बून, हन्नू पहलवान, हाजी नज्जू, मोहम्मद शकील, यूसुफ मंसूरी, हाजी सब्बन और मोईन रजा तथा मुस्लिम नव युवक सभा के फहीम खान, शमसुल हसन खान, शाकिर खान, जावेद अशरफ और डॉ. खलील खान आदि ने लोगों से अदब और सद्भावना के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने शहरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद भी पेश की।

खानकाह निजामिया में मुए मुबारक की जियारत

ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर आगा चौक स्थित खानकाह निजामिया आगा मोहम्मद साहब रहमतुल्लाह अलैह में पवित्र तबर्रुकात की जियारत का इंतजाम किया जाएगा।

इस दौरान हुजूर मोहम्मद मुस्तफा ﷺ के मुए मुबारक के साथ अन्य तबर्रुकात की भी जियारत कराई जाएगी। जियारत का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।

खानकाह के मुतवल्ली सैय्यद लियाकत अली ने तमाम अकीदतमंदों से निर्धारित समय का पालन करते हुए जियारत के लिए पहुंचने की अपील की है।

अमन, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम

ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जबलपुर में निकलने वाले जुलूसों और आयोजित होने वाली महफिलों में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत और उनकी तालीमात को याद किया जाएगा। शहर में गूंजने वाली नात-ए-पाक और दरूद-ओ-सलाम की सदाओं के बीच आशिकाने रसूल ﷺ मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम आम करेंगे।

आयोजकों ने तमाम लोगों से इस मुबारक मौके को अदब, एहतराम, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page