मुस्लिम महिला ने जन्म देने के बाद बेटे का नाम राम रहीम रखा

फिरोजाबाद। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को फिरोजाबाद में एक मुस्लिम परिवार में जन्मे बच्चे का नाम भगवान राम के नाम पर रखा गया। संभल जिले के चंदौसी में एक अस्पताल के प्रसूति कक्ष में भगवान राम का एक लघु मंदिर बनाया गया। फिरोजाबाद के महिला अस्पताल में मुस्लिम परिवार के यहां जन्मे एक बच्चे का नाम राम रहीम रखा गया है। महिला अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नवीन जैन ने बताया कि प्रसूता का नाम फरजाना है और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे की दादी हुस्न बानो ने उसका नाम राम रहीम रखा है। बानो ने कहा कि उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देने के लिए बच्चे का नाम राम रहीम रखा है।
प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर संभल जिले के चंदौसी में स्थित एक निजी नर्सिंग होम के प्रसूति कक्ष में एक लघु राम मंदिर बनाया गया था। सोमवार को गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले भगवान राम के दर्शन कराए गये। नर्सिंग होम की डॉक्टर वंदना सक्सेना ने बताया कि आज अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर उन्होंने अपने नर्सिंग होम के प्रसूति कक्ष, नवजात शिशु कक्ष को भगवा रंग से सजाया है। नवजात कक्ष में एक लघु भगवान श्री राम का मंदिर भी बनाया है। उन्होंने बताया कि हिन्दू गर्भवती महिलाओं को प्रसूति से पहले श्री राम की पूजा-अर्चना कराई जा रही है तथा उन्हें हनुमान चालीसा का पाठ भी कराया। डॉक्टर वंदना ने बताया कि अस्पताल में सोमवार को कुल 6 बच्चों का जन्म हुआ। जिनमें तीन लड़के हैं। उनके नाम भगवान राम के नाम पर रखे गए। साथ ही कन्याओं के नाम जानकी और सीता रखे गए।