शीतलहर से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं

जबलपुर। सर्द हवाओं ने शहर को हिलाकर रख दिया है। पिछले दो दिनों से उत्तरी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने शहर को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। २ से ३ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने शहर को कड़ाके के जाड़े का अहसास करा दिया। कल दिन और रात का तापमान दोनों घटकर सामान्य से नीचे आ गये। खास बात यह है कि रात तो रात, दिन में भी लोगों को सर्द हवाओं ने कंपकपा दिया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शीतलहर का प्रकोप अभी जारी रहेगा। मौसम के इस तीखे तेवर के कारण जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है, रात जहां सड़कों पर जल्दी सन्नाटा छा जाता है, वहीं सुबह देर से होती है। बाजारों में प्रतिष्ठान भी देर से खुलते हैं और दिनचर्या विलंब से शुरू होती है। बर्फीली हवाओं की वजह से जहां दिन भर धूप में भी लोगों को ठंड का अहसास होता है, वहीं तड़के आसमान पर घना कोहरा छाने और रात में ओस की बूंदे गिरने से जाड़ा और प्रभावी हो जाता है।
देश के उत्तरी भाग में पड़ रही कड़ाके की ठण्ड का प्रभाव मध्यप्रदेश में भी पड़ा है। जबलपुर सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। ठंड से बचने के लिये लोग चौबीसों घंटे गर्म कपड़े से लदे नजर आ रहे हैं। रात में खुले आसमान के नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अलाव की व्यवस्था नहीं है, सुबह लोगों को खासकर सुरक्षा संस्थानों व शिक्षण संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी शीतलहर और गलाव वाली ठंड में परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले २४ घंटों के दौरान जबलपुर शहर का अधिकतम तापमान २३.५ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से १ डिग्री कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान ८.९ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से २ डिग्री कम रहा। हवा में नमी प्रातः काल ७८ प्रतिशत और सायंकाल ३० प्रतिशत आंकी गई। उत्तरी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं की रफ्तार ४ से ५ किलोमीटर प्रतिघंटे रही। अगले २४ घंटों के दौरान तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है। प्रदेश में सबसे ठंडा जिला बिजावगढ़ (छत्तरपुर) रहा जहां ०.७ डिग्री तापमान दर्ज किया गया वहीं रायसेन मंडला में ३ डिग्री तापमान रहा। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान ३०.२ डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम १३.७ तापमान डिग्री दर्ज किया गया।