संजय गांधी वार्ड में वरिष्ठ कांग्रेस नेता लईक अहमद ने फहराया तिरंगा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संजय गांधी वार्ड के पूर्व पार्षद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं BAZ Media रजा चौक डिवीजन के प्रधान संपादक लईक अहमद राजू के नेतृत्व में पार्षद कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लईक अहमद राजू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान क्षेत्र के नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद लईक अहमद राजू ने वार्डवासियों के बीच मिठाई तकसीम कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आजादी के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए देश की तरक्की, अमन और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर लईक अहमद राजू ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजाद देश में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे लाखों स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान है। इसलिए आजादी की अहमियत को समझना और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने देश के मौजूदा हालात पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान देश की सबसे महत्वपूर्ण ताकत हैं। संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और देश की विविधता को एक साथ जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना होगा।
लईक अहमद राजू ने कहा कि देश में भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखने की बात कही और नागरिकों से भी संविधान के मूल्यों तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम का समापन वार्डवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं और देश की तरक्की, अमन एवं खुशहाली की कामना के साथ हुआ।



