Advertisement
News

जबलपुर फर्जी रजिस्ट्री मामले में पार्षद शफीक हीरा पर इनाम घोषित

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्दलीय पार्षद शफीक हीरा और भांजे यूसुफ जावेद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है, लेकिन अब तक वे पकड़ से बाहर हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने बताया थाना गोहलपुर में तीन चार माह पूर्व फर्जी रजिस्ट्री के संबंध में केस दर्ज हुआ था, जिसमें 8 आरोपी थे. उसी में से एक आरोपी पार्षद शफीक हीरा भी था. जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है|

पुलिस के अनुसार आरोप है कि संगठित तरीके से फर्जी आधार कार्ड और एक महिला की पहचान का दुरुपयोग कर अधिवक्ता मोहम्मद अल्तमश और हाजी मोहम्मद असलम पहलवान के प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री करवाई गई। जांच में यह भी सामने आया है कि कथित साजिश का संचालन पार्षद कार्यालय से किए जाने की बात सामने आई है।

Advertisement

क्या बोलीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी

मामले में अब तक शाहजहाँ, जावेद उर्फ गोश बाबू और कलीम को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी शफीक हीरा और भांजा फरार हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पार्षद के पुराने मामलों की समीक्षा और हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि शफीक हीरा करीब डेढ़ महीने से फरार है, जबकि यूसुफ जावेद लगभग छह महीने से पुलिस से बच रहा है। इस दौरान सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता को लेकर भी चर्चा रही। वायरल वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद गिरफ्तारी प्रयास तेज किए गए और इनाम घोषित किया गया।

पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button

You cannot copy content of this page