BAZ World: ईरान का बड़ा ऐलान: “अमेरिका से अब कोई बातचीत नहीं” – मिसाइल हमले जारी रहेंगे

BAZ NEWS NETWORK (BNN)। मध्य पूर्व में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी नई बातचीत की संभावना को लगभग खत्म कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची ने साफ शब्दों में कहा है कि वॉशिंगटन के साथ बातचीत अब तेहरान के एजेंडा में नहीं है और निकट भविष्य में इसके फिर से शुरू होने की कोई संभावना नहीं दिखती।
अमेरिकी टीवी नेटवर्क PBS को दिए गए एक इंटरव्यू में अराक्ची ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत का अनुभव ईरान के लिए बेहद कड़वा रहा है।
उन्होंने कहा,
“अमेरिकियों के साथ बातचीत या मोल-भाव का मुद्दा हमारे एजेंडा में दोबारा नहीं आएगा, क्योंकि उनके साथ बातचीत करने का हमारा अनुभव बहुत कड़वा रहा है।”
नए सुप्रीम लीडर के रुख का इंतज़ार
ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि देश और दुनिया की निगाहें इस्लामिक क्रांति के नए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई के आने वाले भाषण पर टिकी हुई हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही उनके रुख और भविष्य की रणनीति को लेकर आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
“मिसाइल हमले जारी रहेंगे”
अराक्ची ने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात में ईरान अपने सैन्य अभियानों को जारी रखेगा।
उन्होंने कहा,
“हमारे मिसाइल लॉन्च जारी हैं, और हम जब तक ज़रूरी होगा और जब भी ज़रूरत होगी, उनके खिलाफ मिसाइल हमले जारी रखने के लिए तैयार हैं।”
उनका कहना था कि अमेरिका का शुरुआती सैन्य प्लान पूरी तरह नाकाम हो गया। अराक्ची के मुताबिक वॉशिंगटन को उम्मीद थी कि वह दो या तीन दिनों के भीतर हालात बदल देगा और जल्दी जीत हासिल कर लेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका द्वारा आज़माए जा रहे दूसरे सैन्य और राजनीतिक प्लान भी सफल नहीं हो पाए हैं।
आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह बिना सोचे-समझे आम नागरिकों और नागरिक ढांचे को निशाना बना रहा है।
उन्होंने कहा कि हमलों में रिहायशी इलाकों, अस्पतालों, स्कूलों और अन्य नागरिक ढांचे को भी टारगेट किया गया है।
अराक्ची ने यह भी दावा किया कि ईरान के दक्षिणी शहर मिनाब में हुए एक अमेरिकी हमले में 168 स्कूली लड़कियों की मौत हो गई। उनके मुताबिक ये छात्राएं उस समय अपनी कक्षा में मौजूद थीं जब हमला हुआ।
“अमेरिका खुद कन्फ्यूजन में है”
अराक्ची ने यह भी कहा कि अमेरिकी नीति में भारी विरोधाभास दिखाई दे रहा है और वॉशिंगटन खुद स्पष्ट रणनीति तय करने में असमर्थ दिख रहा है।
उनके अनुसार,
“अमेरिकी पोजीशन में कन्फ्यूजन साफ दिखाई दे रहा है। उनकी बातों और उनके कदमों के बीच बड़ा अंतर है, जिससे लगता है कि युद्ध का कोई स्पष्ट अंत अभी दिखाई नहीं दे रहा।”
वैश्विक तेल बाजार पर असर
ईरानी विदेश मंत्री ने चेतावनी दी कि इस युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के चलते दुनिया भर में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव दिखाई दे रहा है।
अराक्ची ने दोहराया कि युद्ध की शुरुआत से ही अमेरिका अपने घोषित लक्ष्यों को हासिल करने में नाकाम रहा है और दस दिन बाद भी वॉशिंगटन के पास कोई स्पष्ट रणनीतिक लक्ष्य दिखाई नहीं दे रहा।
(स्रोत: ईरानी मीडिया / अल-मनार)



