ईरान ने इजरायल पर 300 मिसाइल दागे, दुनिया की नज़र अमेरिकी जवाब पर
सीरिया में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर एक हमले में ईरानी सैन्य कमांडरों की मौत के बाद ईरान लगातार धमकी दे रहा था कि वह इजराइल पर हमला कर बदला लेगा। ईरान की धमकी से अमेरिका भी चिंतित था। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इजरायल पर 200 मिसाइल और 150 ड्रोन मिसाइल से हमला कर दिया है। इस हमले से पूरी दुनिया अलर्ट पर है। ईरान ने इस हमले को ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस नाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक ईरान ने शनिवार-रविवार की रात में इजरायल पर 200 क्रूज मिसाइल और 150 ड्रोन दागे।

इजरायल के जवाबी हमले को लेकर ईरान ने दूसरे देशों को भी धमकी दी है कि अगर कोई भी देश इजरायल को हमले के लिए अपना एयरस्पेस देता है, तो ईरान उस पर भी हमला करेगा।
ईरान की धमकी को देखते हुए अमेरिका, इजरायल ने पहले ही हमले का अनुमान लगा लिया था। अमेरिकी सेना अलर्ट पर थी। उसने अपने दो युद्धपोत इजरायल की सुरक्षा में तैनात कर दिए थे। ईरानी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। और उन्होंने नेतन्याहू से भी फोन पर बात की और इजरायल को पूरी सुरक्षा देने की बात कही है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव, यूके, जर्मनी और फ्रांस ने इस हमले की निंदा की है। मिस्र, सऊदी, स्पेन, पुर्तगाल ने ईरानी हमले पर गहरी चिंता जताते हुए संयम बरतने को कहा है।
हिज़्बुल्लाह के हमले जारी

लेबनान के हिज्बुल्लाह ग्रुप ने बयान जारी कर दावा किया कि उसके आतंकियों ने गोलान हाइट्स के कैला बैरक क्षेत्र में इजरायली रक्षा बलों और वायु रक्षा मुख्यालय को निशाना बनाकर दर्जनों रॉकेट दागे हैं। ईरानी हमले के बाद से पूरे इजरायल में सायरन की आवाज सुनी दे रही है। हमले में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं हैं।
धमकी हकीकत में बदली

ईरान का कहना है कि हमला इजरायल के अपराधों की सजा है। दरअसल सीरिया में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर एक हमले में ईरानी सैन्य कमांडरों की मौत हो गई थी। हमले का आरोप इजरायल पर लगा था जबकि इजरायल इस हमले से इनकार कर रहा था । ईरान ने धमकी दी थी कि वह बदला जरुर लेगा। अमेरिका भी कह चुका था कि ईरान जल्द हमला कर सकता है और रात में ईरान ने अपनी धमकी पूरी कर दी। इसके बाद सभी अलर्ट पर हैं।
गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33,634 हुई
दूसरी तरफ इजरायल और हमास के बीच जारी जंग में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गाजा पट्टी में लगातार जारी इजरायली हमलों के कारण मरने वाले फिलिस्तीनियों की संख्या बढ़कर 33,634 और घायलों की तादाद 76,214 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में जो आंकड़े जारी किए हैं उनके मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान इजरायली सेना द्वारा की गई कार्रवाई में 89 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है, जबकि 120 अन्य लोग घायल हुए हैं। इजराइली हमले के बाद कुछ पीड़ितों के शव मलबे के नीचे दब गए और कुछ शव सड़कों पर बिखरे रहे क्योंकि इजरायली सेना ने एम्बुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल को उन तक पहुंचने से रोक दिया।

इस बीच, फिलिस्तीनी चिकित्सा सूत्रों का कहना था कि वेस्ट बैंक में इजरायली बलों और नागरिकों के साथ टकराव में शुक्रवार को कम से कम 3 फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए हैं। हमास ने पुष्टि की है कि मारे गए लोगों में से एक स्थानीय कमांडर भी था। यहां बतलाते चलें कि 07 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इज़रायल में हमास द्वारा किए गए हमले के बाद से ही इज़रायल ने गाजा में बड़े पैमाने पर हमले किए हैं, जो कि अभी तक रुके नहीं हैं। इससे गाजा में मरने वालों का आंकड़ा दिन व दिन बढ़ता ही जा रहा है



