पीएम मोदी: आज की कांग्रेस को टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सली चला रहे

वर्धा। महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमरावती में पीएम विश्वकर्मा योजना की पहली वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों से दूर हो गई है और अब इसे टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सलियों द्वारा संचालित किया जा रहा है।
बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति में देशभक्ति की आत्मा खो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के लोग विदेशी धरती पर जाकर देश विरोधी एजेंडे का समर्थन कर रहे हैं और भारतीय संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी करार देते हुए कहा कि वहां का शाही परिवार भी सबसे भ्रष्ट है।
पीएम मोदी ने सीजेआई डीवीआई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में शामिल होने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में संस्कृति का सम्मान नहीं है, वह गणपति पूजा का विरोध करेगी। उन्होंने याद दिलाया कि गणेश उत्सव आजादी की लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा था, जहां हर वर्ग के लोग एक साथ जुड़ते थे।
मोदी ने कर्नाटक में गणपति की मूर्ति को पुलिस वैन में डालने की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह गणपति जी का अपमान है, जिसे देखकर देश आक्रोशित है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की संगत में उन्हें गणपति के अपमान का विरोध करने की हिम्मत नहीं बची है।
अंत में, पीएम मोदी ने बताया कि पारंपरिक कौशल में सबसे ज्यादा भागीदारी एससी/एसटी और ओबीसी समुदाय की है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व सरकारों ने विश्वकर्मा बंधुओं की चिंता की होती, तो समाज की सेवा बेहतर हो सकती थी। मोदी ने कांग्रेस की दलित और पिछड़ा विरोधी सोच की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इसे खत्म किया है और विश्वकर्मा योजना का लाभ अब एससी/एसटी और ओबीसी समुदाय को मिल रहा है।