NationalNewsUttar Pradesh
Trending

संभल सांसद ने कहा, ‘हमारे पांच लोगों की हत्या हुई’, अखिलेश बोले ‘यह योगी सरकार का कराया दंगा’, प्रियंका, ओवैसी, चंद्रशेखर, अफजाल अंसारी ने भी उठाए सवाल

Sambhal News Today : संभल में हुई हिंसा और गोलीबारी ने एक बार फिर राज्य और देश में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर जो घटनाएँ हुईं, उन पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रियाएँ व्यक्त की हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद बर्क ने इस हिंसा को पुलिस प्रशासन की साजिश करार दिया, वहीं एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसे सीधे हत्या और अत्याचार कहा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी उत्तर प्रदेश सरकार के रवैये की आलोचना की और मामले में सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की अपील की। इसके अलावा, अन्य नेताओं जैसे अखिलेश यादव और चंद्रशेखर रावण ने भी इस मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया और न्याय की मांग की। इन प्रतिक्रियाओं से यह स्पष्ट है कि संभल की हिंसा ने न केवल स्थानीय, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है।

उन्होंने हमारे 5 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी है : सपा सांसद बर्क

पूरे मामले पर बर्क ने कहा कि संभल में पुलिस प्रशासन ने जो घटना को अंजाम दिया है, इस घटना ने पूरी मानवता को झकझोर कर रख दिया है और प्रदेश व देश की छवि को धूमिल किया है। 24 को संभल क्या, मैं प्रदेश में भी नहीं था, मैं बेंगलुरु गया था मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक में शामिल होने, लेकिन मेरे खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया गया। यह पुलिस प्रशासन की साजिश है। उन्होंने कहा कि जब जनता को पता ही नहीं चलेगा कि आप सर्वे करने आ रहे हैं तब वे क्या साजिश करेंगे? बर्क ने कहा साजिश के तहत उन्होंने हथियारों का इस्तेमाल किया है, उन्होंने हमारे 5 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी है, कई लोग घायल हैं, एक झूठा मामला दर्ज किया गया है।

यह गोलीबारी नहीं बल्कि सीधे-सीधे हत्या है : औवेसी

एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मस्जिद के सर्वे पर सवाल उठाया और पूरी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। संभल में ओवैसी ने कहा कि संभल में शाही जामा मस्जिद 50-100 साल पुरानी नहीं है, यह 250 से 300 साल से भी ज्यादा पुरानी है। कोर्ट ने मस्जिद के लोगों की बात सुने बिना ही एकपक्षीय आदेश पारित कर दिया जो गलत है। जब दूसरा सर्वेक्षण किया गया तो कोई जानकारी नहीं दी गई और टीम सर्वे करने पहुंच गई। सर्वेक्षण का वीडियो जो लोग दावा कर रहे हैं कि सार्वजनिक डोमेन में है, उसमें सर्वेक्षण के लिए आए लोगों द्वारा भड़काऊ नारे लगाए गए थे।

विज्ञापन

ओवैसी ने पुलिस गोलीबारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिंसा हुई, तीन मुसलमानों को गोली मार दी गई। हम इसकी निंदा करते हैं। यह गोलीबारी नहीं बल्कि सीधे-सीधे हत्या है। इसमें शामिल अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए और एक मौजूदा उच्च न्यायालय को जांच करनी चाहिए कि यह पूरी तरह से गलत है, वहां अत्याचार हो रहे हैं।  

संभल में आज क्या हुआ

बड़े नेता बनने के लिए संभल हिंसा कराई गई : अखिलेश

 समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव के दौरान वोट लूटने और अपने कुकर्मों को छुपाने के लिए योगी सरकार ने जानबूझ कर ऐसा किया है। सपा नेता ने कहा कि कुछ लोग यहां तक ​​कहते हैं कि फिल्म द साबरमती रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें लगा कि वे भी बड़े नेता बनना चाहते हैं और इसीलिए ये सब किया गया। उन्होंने कहा कि हमारे सांसद संभल में थे ही नहीं, इसके बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। यह योगी सरकार द्वारा किया गया दंगा है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी सांसद और सभी विपक्षी दलों के लोग सवाल को संसद में उठाना चाहते थे लेकिन जब भी हमें समय मिलेगा हम इस मुद्दे को उठाएंगे। हमारा प्रतिनिधिमंडल संभल जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेगा।

सरकार ने माहौल खराब किया: प्रियंका

  कांग्रेस नेता और हाल ही वायनाड से लोकसभा का उपचुनाव जीती प्रियंका गांधी ने संभल हिंसा पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस मामले में सरकार का रवैया ठीक नहीं है। इस पर तत्काल सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए। वायनाड से संसद के लिए नवनिर्वाचित प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यूपी सरकार से कड़े सवाल किए। उन्होंने लिखा, संभल, उत्तर प्रदेश में अचानक उठे विवाद को लेकर राज्य सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इतने संवेदनशील मामले में बिना दूसरा पक्ष सुने, बिना दोनों पक्षों को विश्वास में लिए प्रशासन ने जिस तरह हड़बड़ी के साथ कार्रवाई की, वह दिखाता है कि सरकार ने खुद माहौल खराब किया। प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया और कर्तव्य का पालन भी जरूरी नहीं समझा। उन्होंने आगे कहा,सत्ता में बैठकर भेदभाव, अत्याचार और फूट फैलाने का प्रयास करना .. न जनता के हित में है, न देश के हित में। माननीय सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का संज्ञान लेकर न्याय करना चाहिए। प्रदेश की जनता से मेरी अपील है कि हर हाल में शांति बनाए रखें।

उत्तर प्रदेश में गोलियों से हो रहा न्याय: चंद्रशेखर

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण को सोमवार को प्रशासन ने संभल जाने से रोक दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गोलियों से न्याय हो रहा है। संभल जा रहे सांसद चंद्रशेखर रावण को पुलिस ने हापुड़ में पिलखुवा के टोल प्लाजा पर रोक लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चाहे सीए का आंदोलन हो, किसानों और एससी-एसटी के बच्चों का आंदोलन, उत्तर प्रदेश में लगातार गोलियां चल रहीं हैं। यहां गोलियों द्वारा न्याय किया जा रहा है। मुझे पुलिस की चोट का दुख है। यह किसी प्रकार की साजिश है। इसका शिकार गरीब हो रहे हैं। लेकिन चंद्रशेखर शांत नहीं बैठने वाला है। उन्होंने कहा कि किसी ने गलती की हो तो जांच करिए, कार्रवाई करिए, लेकिन इस तरह से गोली चलाना ठीक नहीं है। ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए दाखिल वाद के आधार पर सर्वे के लिए कोर्ट कमिश्नर की टीम पहुंची तो बवाल हो गया। रविवार को टीम के आने पर जुटी भीड़ मस्जिद में दाखिल होने कोशिश करने लगी। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। इसी बीच फायरिंग शुरू हो गई। बवाल में घिरकर चार लोगों की मौत हुई है। कई अधिकारियों समेत दर्जनों लोग घायल हुए हैं। 

संभल में बेगुनाहों के साथ गलत कार्रवाई: अफजाल अंसारी…

उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि यह हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। सोची समझी रणनीति के तहत पहले उत्तेजना फैलाई गई और फिर नियंत्रण करने के नाम पर बेगुनाहों के साथ गलत कार्रवाई हुई। प्रधानमंत्री मोदी कह रहे हैं कि नब्बे प्रतिशत जनता ने विपक्ष को नकारा है। अगर यही व्यवस्था रही तो एक दिन प्रधानमंत्री मोदी को 100 प्रतिशत जनता स्वीकार कर लेगी। प्रधानमंत्री मोदी बताएं कि क्या झारखंड, बंगाल, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की जनता ने उन्हें स्वीकार किया है। इन राज्यों में भाजपा को जनता ने खारिज कर दिया। उनका फोकस कहां है, सब जानते हैं। संभल हिंसा को लेकर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की हम निंदा करते हैं। जो कुछ हुआ है, उसकी जांच की हम मांग करते हैं। जो भी इस मामले में आरोपी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साक्षी महाराज ने कहा कि महाराष्ट्र में हमने इतिहास बनाया है और उत्तर प्रदेश में भी हमने इतिहास रचने का काम किया है। दुर्भाग्य से विपक्ष बौखला गया है। झारखंड में तो ईवीएम सही था, लेकिन महाराष्ट्र में ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई, हम इस तरह की विपक्ष की बचकानी हरकतों की निंदा करते हैं। 

Back to top button

You cannot copy content of this page