
जबलपुर, 15 सितंबर 2025 : जबलपुर के मौसम ने पिछले कुछ दिनों से लोगों की नींद उड़ा दी है। कभी तेज धूप, कभी ठंडी छांव और अचानक होने वाली बारिश ने शहरवासियों के लिए मौसम को अनिश्चित और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 1 जून से 30 सितंबर तक वर्षा काल माना जाता है और इसके पहले या बाद में होने वाली बारिश को बेमौसम बारिश के तहत दर्ज किया जाता है।
पिछले 3-4 दिनों से मौसम के मिजाज इतने बदल रहे हैं कि वैज्ञानिक भी इसे समझने में असमर्थ दिख रहे हैं। पश्चिमी मध्यप्रदेश में सक्रिय मानसून के चलते पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में भी हल्की-भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। धूप निकलने के कुछ ही समय बाद बादल छा जाते हैं और बूंदाबांदी होने लगती है।
स्वास्थ्य और जीवन पर असर
मौसम की इस अनिश्चितता का असर सीधे लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मकानों में सीड़न और नमी बढ़ गई है, वहीं बच्चों और बुज़ुर्गों में सर्दी-जुकाम और अन्य मौसम संबंधी बीमारियां फैल रही हैं।
मौसम का विज्ञान
मौसम कार्यालय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और राजस्थान के ऊपर मानसून सक्रिय होने से पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस कम दबाव के प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश के शहरों में अनवरत बारिश का सिलसिला चल रहा है।
तापमान और वर्षा का हाल
- अधिकतम तापमान: 33.01°C (सामान्य से 2°C अधिक)
- न्यूनतम तापमान: 24.08°C (सामान्य से 1°C अधिक)
- हवा में नमी: प्रातः 89%, सायंकाल 93%
- पिछले 24 घंटों में वर्षा: 9.0 मिमी
- 1 जून से अब तक कुल वर्षा: 1136.06 मिमी (लगभग 45.4 इंच)
- सूर्योदय: 5:57 AM, सूर्यास्त: 6:13 PM
- हवा की गति: दक्षिणी-पूर्वी हवाएं 5-6 किमी/घंटा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के कई स्थानों पर छुटपुट वर्षा की संभावना बनी हुई है।