
जबलपुर, 8 फरवरी 2025 – दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की शानदार जीत का जश्न जबलपुर में भी देखने को मिला। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मालवीय चौक पर एकत्रित हुए और वहां पर आतिशबाजी के साथ मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाई दी।
यह उत्सव लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और नगर अध्यक्ष रतनेश सोनकर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर खुशियां मनाईं।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति, ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘सबका विश्वास’ के सिद्धांत को लेकर दिल्ली की जनता ने एक बार फिर मोदी जी पर विश्वास जताया है।” उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था वाला देश है, जहां जनता झूठ और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करती।
राकेश सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही है। दिल्ली में 68 में से 66 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जप्त हो गई है, यह उनकी गिरती हुई स्थिति का प्रमाण है।”

इस जश्न के दौरान भाजपा के सांसद आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, पूर्व राज्यमंत्री शरद जैन, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पंकज दुबे, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल और सोनू बचवानी सहित अन्य कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
महिला मोर्चे की पदाधिकारी अश्विनी परांजपे, श्वेता गोंटिया, रूपा राव, जागृति शुक्ला समेत सभी मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी इस जश्न का हिस्सा बने।

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस मौके पर कहा, “देश की जनता जनार्दन कृपाधार भारतीय जनता पार्टी के साथ है। अब देश में विकास की बात हो रही है, विनाश की नहीं। मोदी जी का जो नारा है, ‘सबका साथ, सबका विकास’, उसे जनता ने पूर्ण रूप से स्वीकार किया है। दिल्ली की जनता ने आप पार्टी को आपदा पार्टी के रूप में स्थापित कर दिया है।”