JabalpurNews

गंगा – जमुना तहजीब की साक्षी बनी संस्कारधानी : सभी धर्म के लोगों ने मिलकर किया अफ्तार, मांगी अम्नो शांति की दुआ

जबलपुर: मुस्लिम धर्मावलंबियों के पवित्र महीने रमजान के सत्रहवें रोजे पर जबलपुर के घंटाघर क्षेत्र में एक बहुत ही खास और ऐतिहासिक अफ्तार का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित कलेक्ट्रेट मार्ग पर बज्मे हुसैन नौजवान लंगर कमेटी द्वारा आयोजित इस विशाल अफ्तार ए आम में हर धर्म के लोग शामिल हुए। इस आयोजन में मुस्लिम समुदाय के लोग तो शामिल हुए ही, साथ ही हिंदू, सिख, ईसाई सहित सभी धर्मों के लोग भी एक साथ बैठे और एकता, भाईचारे का संदेश दिया।

अफ्तार के बाद सामूहिक नमाज का आयोजन किया गया जिसमें लाखों लोगों ने मिलकर रब से अम्न (शांति) और सकून की दुआ की। इस अफ्तार में शामिल होकर न केवल धार्मिक एकता का उदाहरण पेश किया गया, बल्कि यह भी साबित हुआ कि हम सब एक ही मुल्क के लोग हैं, चाहे हमारी पूजा पद्धतियां अलग हों, लेकिन दिलों में भाईचारा और इंसानियत का पैगाम हमेशा सर्वोपरि है।

इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने अपने संबोधन में कहा कि, “कुछ लोग त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन संस्कारधानी जबलपुर हमेशा से आपसी भाईचारे का संदेश देती रही है। यहाँ की संस्कृति गंगा-जमुना तहजीब का प्रतीक रही है, और हम इसे आगे भी कायम रखेंगे।” कमेटी के सदस्यों ने यह भी कहा कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और वे इसे भविष्य में भी इस तरह से निभाते रहेंगे।

Advertisement

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुफ्ती इम्तियाजुल कादरी साहब, मौलाना सैयद हसन रब्बानी साहब, मौलाना गुलाम अहमद साहब, पार्षद गुड्डू नबी, मुईन खान, शेख़ शाहिद, सईद खान, राज अली, शफी खान, हाजी मतीन, आरिफ खान, जावेद पप्पू, अकरम भाई, मोईनुद्दीन जानू सहित हजारों रोजेदार उपस्थित थे।

कार्यक्रम के समापन के दौरान कमेटी के सभी सदस्यों ने उपस्थित सभी का धन्यवाद किया और कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल मुस्लिम समाज बल्कि सभी धर्मों के बीच सद्भावना और एकता बढ़ती है, जो देश की शांति और समृद्धि के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

यह आयोजन जबलपुर की गंगा-जमुना तहजीब और आपसी भाईचारे की जीवंत मिसाल बना, जो पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश भेजता है।

Saif Mansoori

सैफ मंसूरी जबलपुर के युवा पत्रकार हैं। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में पत्रकारिता में शोधकर्ता हैं। वर्तमान में बाज़ मीडिया में डेस्क रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। राष्ट्रीय राजनीति में विशेष रुचि है।
Back to top button

You cannot copy content of this page