
जबलपुर – जबलपुर में मौसम ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ने लगा है, और गर्मी से लोगों को राहत मिलना मुश्किल हो गया है। बिना कूलर और पंखे के राहत मिलना अब नामुमकिन सा हो गया है। तेज धूप के चलते लोग गमछा और टोपियों का सहारा ले रहे हैं, ताकि कुछ राहत मिल सके।
पिछले 24 घंटों के दौरान, अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। सुबह के समय हवा में नमी 52 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत रही।
सुबह का सूर्य उदय 5:53 बजे हुआ और सूर्यास्त 6:29 बजे हुआ। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाएं 5-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का असर देखा गया, जहां गुना में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और गर्मी का असर इस दौरान भी जारी रहेगा। इस स्थिति में लोग अधिक से अधिक गर्मी से बचने के उपायों पर ध्यान दे रहे हैं।