JabalpurNews

जबलपुर | नौतपा के तीसरे दिन उमस ने किया हलाकान, प्री-मानसून की दस्तक करीब | 1-2 दिन में जबलपुर में शुरू हो सकता है प्री-मानसून

जबलपुर। नौतपा के तीसरे दिन मंगलवार को जबलपुरवासियों को भीषण उमस और असहनीय गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही आसमान साफ रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, बादलों की आवाजाही तेज होती गई। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि मूसलधार बारिश होगी, लेकिन उम्मीद के विपरीत मौसम शुष्क ही बना रहा।

इस बीच, उमस ने लोगों को दिनभर बेहाल कर दिया। तेज धूप और फिर बादलों की चादर ने गर्मी और उमस का मिश्रण ऐसा बना दिया कि लोग छांव और ठंडक की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत हो चुकी है, जिसके असर से जबलपुर में 30 मई के आसपास तेज बारिश होने की संभावना है।

बादलों और उमस का खेल
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आसमान में छाए स्थानीय बादलों के कारण हवा में घनत्व बढ़ गया है, जिससे नमी का स्तर बढ़ा और उमस में इजाफा हुआ। वहीं, बादलों की बसाहट पूरी तरह से साफ नहीं होने के कारण दिनभर धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा।

विज्ञापन

हवा में नमी की मात्रा प्रातःकाल 60 प्रतिशत और शाम को 52 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। इसी वजह से वातावरण में चिपचिपाहट बनी रही।

तापमान में गिरावट, पर राहत नहीं
बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। इसके बावजूद उमस के कारण राहत के बजाय बेचैनी का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी दिन शहर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इस वर्ष तापमान भले ही कुछ कम रहा, लेकिन उमस ने पिछली गर्मियों की यादें ताजा कर दीं।

प्रदेश में सबसे गर्म नौगांव
प्रदेश में मंगलवार को सर्वाधिक तापमान नौगांव जिले में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जबलपुर में उत्तर दिशा से 8 से 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जो किसी राहत का संकेत नहीं बन सकीं।

आगामी 24 घंटे रहेंगे शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि 1-2 दिनों में प्री-मानसून की सक्रियता और तेज हो सकती है।

नौतपा के तीसरे दिन उमस ने जहां लोगों को पसीने से तर-बतर किया, वहीं बादलों की आवाजाही ने बारिश की उम्मीद भी जगा दी है। आने वाले दिनों में जबलपुर में मानसून पूर्व बारिश की संभावनाएं मौसम को थोड़ा राहत भरा बना सकती हैं।

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page