
जबलपुर, 11 जून । जबलपुर समेत पूरे महाकौशल क्षेत्र में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 27.03 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे रातों में भी राहत नहीं मिल पा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। इसके बाद प्री-मानसून सक्रियता कुछ हद तक राहत दे सकती है, लेकिन फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। सुबह और शाम के समय हवा में नमी क्रमशः 52 और 30 प्रतिशत मापी गई, जिससे वातावरण भारी और चिपचिपा बना रहा।
हवाओं पर निर्भर मानसून की चाल
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो मानसून की उत्तर भारत में प्रविष्टि में बाधा बन रही हैं। यदि हवाओं की दिशा दक्षिण-पूर्वी में बदली, तो मानसून अपेक्षाकृत जल्दी मध्यप्रदेश पहुंच सकता है। अन्यथा इसमें देरी हो सकती है।
फिलहाल बंगाल की खाड़ी से चलकर मानसून महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है, लेकिन जबलपुर समेत मध्यप्रदेश में इसके आगमन में अभी 8 से 10 दिन का समय लग सकता है।
प्रदेश में नवगांव सबसे गर्म
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का कहर जारी है। छतरपुर जिले के नवगांव में बुधवार को सबसे अधिक तापमान 46.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
जनजीवन प्रभावित, लू से सतर्क रहने की सलाह
तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस के कारण आमजन को दिन के समय घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। स्कूल, कार्यालय और बाजारों में लोगों की संख्या कम देखी गई। चिकित्सकों ने खास तौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। यदि हवाओं की दिशा बदली तो बारिश की कुछ फुहारें राहत दे सकती हैं, लेकिन फिलहाल लोगों को गर्मी से निपटने के लिए स्वयं सतर्कता बरतनी होगी।
सूर्योदय: 5:24 AM
सूर्यास्त: 6:56 PM
हवा की गति: 5-6 किमी/घंटा (उत्तर-पूर्वी दिशा से)