
जबलपुर। बीते दो दिनों की बारिश के बाद शनिवार को शहर में आसमान साफ रहा और धूप निकलते ही उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अब कमजोर पड़ रहा है, हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
तापमान में उछाल, उमस से लोग बेहाल
मौसम शुष्क होते ही पारे में तेजी देखी गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हवा में नमी की मात्रा सुबह 81 प्रतिशत और शाम को 62 प्रतिशत रही, जिससे दिनभर उमस भरी गर्मी बनी रही।
पिछले साल की तुलना में कम वर्षा
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटों में शहर में वर्षा दर्ज नहीं हुई।
इस सीजन में 1 जून से अब तक कुल 1078.8 मिमी (लगभग 42.3 इंच) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन तक 1117 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। पिछले साल 6 सितंबर को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।
हवा की रफ्तार धीमी
शनिवार को पश्चिमी हवाएं औसतन 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। शाम ढलने के बाद मौसम थोड़ा सुहावना हुआ और ठंडक का अहसास बढ़ा।
अगले 24 घंटे का अनुमान
मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 24 घंटों में जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा या बौछारें देखने को मिल सकती हैं। वहीं, अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने और उमस भरी गर्मी जारी रहने की संभावना है।