ब्रांडेड नहीं, खादी चुनी! गांधी जयंती पर जबलपुर में BJP नेताओं ने दिया बड़ा संदेश

जबलपुर। गांधी जयंती के अवसर पर ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ और ‘‘स्वदेशी’’ अभियान को बढ़ावा देने की दिशा में आज जबलपुर में विशेष पहल की गई। सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिन लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मढ़ाताल स्थित भारतीय खादी एम्पोरियम से खादी एवं स्वदेशी वस्त्रों की खरीदारी की।
डिजिटल भुगतान से दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश
इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने ‘‘डिजिटल इंडिया’’ का संदेश देते हुए वस्त्रों की खरीदारी का भुगतान UPI माध्यम से किया। इस पहल को आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी दोनों अभियानों से जोड़कर देखा जा रहा है।
महात्मा गांधी के आदर्शों को आगे बढ़ाने की बात
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि स्वदेशी और ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ अभियान सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत की नींव है। महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन के दौरान स्वदेशी की अलख जगाई थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाकर देशवासियों को स्वदेशी अपनाने और स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपना योगदान दें।
सेवा पखवाड़ा का समापन संकल्प के साथ
भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुआ सेवा पखवाड़ा, गांधी जयंती पर समाप्त हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सामाजिक सेवाओं में योगदान दिया और आज खादी वस्त्र खरीदकर स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की मौजूदगी
इस मौके पर पूर्व संगठन मंत्री सुरेश देशपांडे, पूर्व जिला अध्यक्ष जीएस ठाकुर, संदीप जैन, पंकज दुबे, रजनीश यादव, प्रणीत वर्मा, श्रीकांत साहू, रवि शर्मा, चित्रकांत शर्मा, संजय यादव, सोनू बचवानी, प्रमोद चौहटेल और अजय अधिकार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने खादी वस्त्र खरीदकर गांधी जयंती को ‘‘स्वदेशी संकल्प दिवस’’ के रूप में मनाया।



