Advertisement
Advertisement
JabalpurNews

Jabalpur Mausam Update तेज धूप और ठंडी रातें: जबलपुर में बदलने लगा मौसम का मिजाज

Jabalpur Mausam Update : मौसम में अब बदलाव साफ नजर आने लगा है। पिछले एक हफ्ते से जबलपुर का मौसम शुष्क हो गया है। दिन में जहां तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही है, वहीं रात के दूसरे पहर हल्की गुलाबी ठंड दस्तक देने लगी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान अभी कुछ दिन तक गर्म रहेगा, लेकिन रातें धीरे-धीरे और ठंडी होती जाएंगी।

आंध्रप्रदेश के चक्रवात का असर हुआ खत्म

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, आंध्रप्रदेश में बने चक्रवात के प्रभाव से जो बादल क्षेत्र में छाए हुए थे, वे अब छंट गए हैं। इसके साथ ही बारिश की संभावना लगभग समाप्त हो गई है। फिलहाल पूरा क्षेत्र शुष्क मौसम की चपेट में है।

विज्ञापन

सूर्योदय से पहले महसूस हो रही ठंडक

सुबह के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। सूर्योदय से पूर्व तापमान में गिरावट देखी जा रही है और शामें भी पहले की तुलना में जल्दी ढलने लगी हैं। यह संकेत है कि अब धीरे-धीरे ठंड का मौसम दस्तक देने वाला है।

तापमान में मामूली गिरावट

पिछले 24 घंटों के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर सुबह के समय 80 प्रतिशत और शाम को 56 प्रतिशत दर्ज किया गया।

हवाओं की दिशा और गति

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हैं, जिससे ठंडक में हल्का इजाफा महसूस हो रहा है। सूर्योदय सुबह 6 बजकर 6 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 47 मिनट पर हुआ।

विज्ञापन

अगले 24 घंटे शुष्क मौसम की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।

Back to top button

You cannot copy content of this page