जबलपुर में बिहार जीत का जश्न: लिट्टी-चोखा से लेकर ढोल-नगाड़ों तक, बीजेपी कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

जबलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली ऐतिहासिक जीत का उत्साह जबलपुर में भी देखने मिला। शहर के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विजय उत्सव मनाया। कहीं लिट्टी-चोखा बनाकर जनता को खिलाया गया तो कहीं ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ मिष्ठान वितरण किया गया।

उत्तर मध्य में लिट्टी-चोखा के साथ जीत का जश्न
जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के श्रीनाथ की तलैया में विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक बिहार का प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा बनाकर जनता को परोसा। इस मौके पर क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या जुटी और सभी ने मिलकर चुनाव परिणामों की खुशी साझा की।

डॉ. पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा—
“बिहार की जीत सुशासन, विकास और जनता के भरोसे की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है और जनता ने इसे समर्थन दिया है।”
उन्होंने बताया कि वह स्वयं बिहार में 10 दिनों तक चुनाव प्रचार में रहे, जहां लोगों में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने इस जीत को पूरी तरह बिहार की जनता के नाम समर्पित किया।

कार्यक्रम में सदानंद गोडबोले, सपन यादव, चक्रेश नायक, मनीष जैन कल्लू, अंकित पाठक, सोनू अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मालवीय चौक में भाजपा का विजय उत्सव
बिहार की जीत का जश्न भाजपा जबलपुर महानगर द्वारा मालवीय चौक पर भी धूमधाम से मनाया गया। यहां मिष्ठान वितरण, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों पर नृत्य कर कार्यकर्ताओं ने एनडीए की जीत पर उत्साह व्यक्त किया।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा—
“बिहार के लोगों ने सुशासन, विकास और जनहित की नीतियों को चुनते हुए एनडीए पर विश्वास जताया है। यह जनादेश जंगलराज और कुशासन को नकारने का संदेश भी है।”
उन्होंने कहा कि 200 से अधिक सीटों पर मिली जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है और यह देश में विकास आधारित राजनीति की मजबूत स्वीकृति है।
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि यह परिणाम विश्वास और विकास की जीत है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार आगे नई प्रगति हासिल करेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि जनता ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को कठोरता से खारिज करते हुए एनडीए को भारी समर्थन दिया है।
कार्यक्रम में ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



