
जबलपुर/BNN। हिमालय से उतर रही बर्फीली हवाओं ने जिले में ठंड का जोरदार असर बनाए रखा है। शनिवार को दिनभर ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का तीव्र अहसास हुआ। न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जबकि अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर भारत में हाल ही में हुए हिमपात और उत्तर से आ रही सर्द हवाओं ने ठंड के प्रभाव को बढ़ा दिया है। पिछले दो दिनों से पारा 9 से 10 डिग्री के बीच स्थिर था, लेकिन शनिवार की रात पारा 7 डिग्री पर गिर गया और फिर 8 डिग्री पर ठहर गया। दिन के दौरान आंशिक गर्मी के बावजूद बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का असर कम नहीं हुआ।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं शीतलहर की चेतावनी भी जारी की है। हवाओं की रफ्तार 2 से 3 किलोमीटर प्रति घंटे रही। हवा में नमी सुबह 79 प्रतिशत और शाम को 45 प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह 6 बजकर 40 मिनट और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 25 मिनट पर हुआ।
गत वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री और न्यूनतम 13.8 डिग्री दर्ज किया गया था। प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल में 4.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।



