
जबलपुर। ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन, नई दिल्ली (विजन 2026) के हेल्थ ग्रुप जबलपुर द्वारा 4 फरवरी को वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर दर्सगाह इस्लामी हायर सेकेंडरी स्कूल, अंसार नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों को कैंसर के लक्षण, बचाव और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. एजाज अहमद मंसूरी (बीएचएमएस, पीजीडीसी फार्मेसी, बीएससी, जनरल फिजिशियन) ने अपने लेक्चर के माध्यम से बच्चों में जागरूकता पैदा की। उन्होंने बताया कि कैंसर से बचाव के लिए जीवनशैली में सुधार बेहद जरूरी है।
डॉ. मंसूरी ने कहा कि प्लास्टिक में गर्म खाद्य पदार्थ रखने से बचना चाहिए तथा बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटखा जैसी आदतों से दूरी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि शरीर में किसी भी प्रकार की गांठ या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर या फैमिली फिजिशियन से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक मात्रा में साफ पानी पीने, पर्याप्त नींद लेने और भोजन पचने के बाद ही सोने जैसी सावधानियों पर अमल करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंसर कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है, इसलिए मरीजों से दूरी बनाने के बजाय उनकी देखभाल और सेवा करना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर दर्शगाह इस्लामी की प्रिंसिपल मोहतरमा यासमीन साहिबा ने इख्तितामी खिताब पेश करते हुए कहा कि समाज में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समय की जरूरत हैं, ताकि लोग इस गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति सचेत रह सकें।
इस अवसर पर अंजुमन नूरुल इस्लाम के अध्यक्ष जान मोहम्मद साहब ने दुआ कराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में इफ्तिखार अहमद, शकील अहमद, मोहम्मद नासिर, जूनियर, मोहम्मद इकबाल, उमर फारूक सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन हेल्थ ग्रुप जबलपुर के इंचार्ज शकील अहमद ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



