मक्का नगर में युवक पर चाकू–तलवारों से हमला, एक सप्ताह बाद भी आरोपी फरार; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

~ सैफ मंसूरी, बाज़ मीडिया रज़ा चौक डिवीजन, जबलपुर।
शहर के मोहरिया क्षेत्र स्थित मक्का नगर में बीते गुरुवार देर रात उस समय दहशत फैल गई जब 10 से 15 लोगों के एक समूह ने एक मकान पर धावा बोल दिया। हमलावरों के हाथों में चाकू और तलवारें बताई जा रही हैं। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। घायल युवक का उपचार मेडिकल अस्पताल में जारी है।
घर के बाहर निकले युवक पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार रात लगभग 10 बजे की है। मक्का नगर निवासी अंजुम बानो ने हनुमानताल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि मोहरिया निवासी मो. नईम, अमीन, यासीन, अफजल, अल्ताफ और आज़म अपने अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
शोरगुल की आवाज सुनकर उनका बड़ा बेटा मो. वारिश घर के बाहर निकला। आरोप है कि बाहर निकलते ही हमलावरों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। वारिश को गंभीर चोटें आईं और मौके पर काफी खून बह गया। परिजनों द्वारा उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
छोटे भाई के विवाद से जुड़ा मामला
घायल वारिश ने बताया कि आरोपियों का उसके छोटे भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। उसी विवाद के चलते गुरुवार को यह घटना अंजाम दी गई। वारिश के अनुसार उसे इस विवाद की कोई जानकारी नहीं थी। वह केवल शोर सुनकर घर से बाहर निकला था, तभी दर्जन भर लोगों ने उस पर चाकू और तलवारों से हमला शुरू कर दिया।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
मामले में हनुमानताल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश किए जाने की बात कही है। हालांकि, घटना को लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं और परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही, शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। परिवार का कहना है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहेगा।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मक्का नगर क्षेत्र में घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



