
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के धोबी चौगड्डा छोटा फुहारा इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसे बुलाया, फिर शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इनकार करने पर मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
गोहलपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धोबी चौगड्डा छोटा फुहारा, गोहलपुर निवासी 18 वर्षीय आदित्य रजक बुधवार रात लगभग 10:30 बजे चंदन मोबाइल वाले की दुकान पर गया था। इसी दौरान क्षेत्र के अंश ठाकुर और उदय गुप्ता ने उसे अपने पास बुलाया।
बताया जा रहा है कि बिना किसी बात के अंश ठाकुर ने आदित्य को चांटा मारते हुए कहा कि “तू बहुत गुंडा बन रहा है” और शराब पीने के लिए रुपए की मांग करने लगा। जब आदित्य ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए उससे झूमाझपटी करने लगे। इसी दौरान अंश ठाकुर ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। वहीं उदय गुप्ता ने भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद घायल युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अंश ठाकुर और उदय गुप्ता के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
क्षेत्र में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।



