
जबलपुर। पश्चिमी हिस्सों में हुई बारिश और पश्चिम बंगाल से बिहार तक सक्रिय टर्फ लाइन का असर अब पूर्वी मध्यप्रदेश पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर संभाग में तड़ित-झंझावात, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहने से दिनभर उमस बनी रही और लोगों को गर्मी से राहत के साथ चिपचिपी गर्माहट का सामना करना पड़ा।
मौसम अपडेट – मुख्य बिंदु
- पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ लाइन का असर पूर्वी मध्यप्रदेश पर।
- अगले 24 घंटों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना।
- जबलपुर संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी।
- बादल छाने से तापमान में बढ़ोतरी पर ब्रेक, लेकिन उमस बढ़ी।
- अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री, न्यूनतम 24.5 डिग्री दर्ज।
हाल ही में एक पश्चिमी विक्षोभ के समाप्त होने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। तेज धूप और गर्म हवाओं से वातावरण में गर्मी बढ़ गई थी। हालांकि उत्तरी हवाओं के रुख और बादलों की आवाजाही ने तापमान की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए जबलपुर संभाग को येलो अलर्ट पर रखा है। विभाग का कहना है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की तैयारी में है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव से किसान चिंता में हैं। यदि बारिश होती है तो खेतों में खड़ी मूंग, उड़द, भिंडी, टमाटर, भाजी, प्याज, धनिया और तुरई जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। अधिक नमी के कारण फसलों में कीट और रोग लगने की संभावना भी बढ़ जाती है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। सुबह के समय हवा में नमी 49 प्रतिशत और शाम को 26 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक 38 डिग्री तापमान टीकमगढ़ और दतिया में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम 24.5 डिग्री तापमान जबलपुर में रिकॉर्ड किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों में संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।



