बरगी डैम क्रूज हादसे पर युवक कांग्रेस का तीखा हमला

“प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने ली निर्दोष पर्यटकों की जान”
BAZ News Network: Jabalpur के बरगी डैम में हाल ही में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक कांग्रेस ने इस हादसे को केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही, गैर-जिम्मेदारी और सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी का परिणाम बताया है। संगठन ने हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष Yash Lakhan Ghanghoria ने कहा कि बरगी डैम हादसे ने प्रदेश की पर्यटन व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से जो जानकारी सामने आई है, वह बेहद चिंताजनक है।
“क्रूज में नहीं थीं पर्याप्त लाइफ जैकेट”
युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव यावर चौधरी ने कहा कि क्रूज में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी मूलभूत व्यवस्थाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट मौजूद नहीं थीं और जो थीं भी, उनके उपयोग को लेकर यात्रियों को कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि जल पर्यटन में लाइफ जैकेट सबसे प्राथमिक सुरक्षा उपकरण होता है, लेकिन यहां उसी की अनदेखी की गई।

यावर चौधरी ने कहा कि हादसे के समय मौके पर कोई सहायक सुरक्षा नाव या सपोर्ट बोट मौजूद नहीं थी। इतने बड़े पर्यटन स्थल पर गोताखोरों और राहत-बचाव संसाधनों की अनुपस्थिति ने हालात को और भयावह बना दिया। समय पर राहत कार्य शुरू नहीं होने से कई लोगों की जान चली गई।
“स्टाफ को नहीं था आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण”
युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि क्रूज संचालन से जुड़े कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का समुचित प्रशिक्षण नहीं दिया गया था। यही कारण रहा कि हादसे के दौरान स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। उन्होंने क्रूज के रखरखाव, संचालन प्रक्रिया और बिना टिकट यात्रियों को बैठाने जैसी गंभीर अनियमितताओं की भी जांच कराने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर पहलू यह है कि खराब मौसम और तेज हवाओं की चेतावनी के बावजूद क्रूज को संचालन की अनुमति दी गई। इसे पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना फैसला बताते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
युवक कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर केवल दिखावटी प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है। संगठन ने कहा कि आम नागरिकों की जान को इस तरह जोखिम में डालना किसी भी जिम्मेदार सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति है।
युवक कांग्रेस की प्रमुख मांगें
युवक कांग्रेस ने हादसे की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। संगठन ने क्रूज संचालन से जुड़े दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंसियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
इसके साथ ही हादसे में मृत सभी लोगों के परिजनों को न्यूनतम 50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है। घायलों के निशुल्क और समुचित इलाज की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार से उठाने को कहा गया है।
युवक कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जल पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा कर उन्हें सख्ती से लागू करने और जल पर्यटन से जुड़े नियमों को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की है।
बरगी हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि, युवक कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

बरगी डैम हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटकों की स्मृति में शनिवार को युवक कांग्रेस द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च पहाड़िया पैलेस से शुरू होकर रद्दी चौकी होते हुए अब्दुल हमीद चौक तक निकाला गया।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवक कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन रखा और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की गईं।
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, ताहिर अली, इस्यिाक अंसारी, राजू लाईक, जिला अध्यक्ष सोनू कुकरेले, ओवैस अंसारी, पारस जैन, अभियुक्त वाजपेई, नितिन, शुभम श्रीवास्तव, सौरभ यादव, पार्षद कलीम खान, प्रमोद पटैल, गुलाम हुसैन, यावर चौधरी और आजम कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।



