
जबलपुर । राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर जबलपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ ही आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा दुपहिया और चार पहिया वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। राष्ट्रीय महत्व के भवनों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। जांच अभियान में स्थानीय पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता और दंगा नियंत्रण वाहन ‘वज्र’ को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
रात के समय सुरक्षा अभियान और तेज कर दिया गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस दलों ने कार, बस, मिनी बस, जीप सहित हर प्रकार के वाहनों की बारीकी से तलाशी ली। इसके अलावा मॉल, होटल, लॉज, पार्क, बाग-बगीचे और अन्य भीड़ वाले स्थानों पर भी देर रात तक जांच-पड़ताल चलती रही। शहर की सीमाओं पर बने नाकों पर चौकसी बढ़ाते हुए प्रवेश करने वाले भारी वाहनों की भी सघन जांच की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एहतियातन सभी संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों और राष्ट्रीय महत्व के भवनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर को जोड़ने वाली सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ाई गई है, वहीं गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके।



