Advertisement
News

जबलपुर में SBF की ‘डोनर मीट’ संपन्न: ‘खुशियों के लिबास’ मुहिम से 5,000 परिवारों की ईद रोशन करने का संकल्प

गोहलपुर डिवीज़न न्यूज़, 15 फरवरी 2026। Society for Bright Future (SBF) जबलपुर द्वारा रविवार को शहर के ‘अंसारी बारात घर’ में एक विशेष ‘डोनर मीट’ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ईद-उल-फितर 2026 के अवसर पर शुरू की गई संस्था की महत्वाकांक्षी सामाजिक पहल ‘खुशियों के लिबास’ प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस मानवीय पहल की सराहना की।

5,000 परिवारों तक पहुँचेगी ईद की खुशियाँ

SBF के एस के फैज़ ने बताया इस वर्ष देश के 13 से 14 राज्यों में आर्थिक रूप से कमजोर 5,000 परिवारों और लगभग 10,000 जरूरतमंद व्यक्तियों तक ईद के नए कपड़े पहुँचाने का लक्ष्य तय किया है। संस्था का उद्देश्य उन परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण त्योहार की बुनियादी खुशियों से भी वंचित रह जाते हैं।

Advertisement

‘खुशियों के लिबास’ मुहिम के जरिए संस्था केवल वस्त्र वितरण नहीं, बल्कि सम्मान, अपनत्व और सामाजिक भागीदारी का संदेश भी समाज तक पहुँचाना चाहती है।

जमीनी स्तर पर होगा वैज्ञानिक सर्वे

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।

  • SBF के स्वयंसेवक चिन्हित क्षेत्रों में जाकर जमीनी स्तर पर सर्वे करेंगे।
  • सर्वे के माध्यम से वास्तव में जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की पहचान की जाएगी।
  • चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 रमजान तक सभी चयनित लाभार्थियों तक नए कपड़े पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।

संस्था ने एक जोड़ी कपड़ों के लिए ₹1,250 की सहयोग राशि निर्धारित की है और समाज के सक्षम वर्ग से इस नेक कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।

“असली खुशी दूसरों की मदद में है” — इरफान अहमद

इस अवसर पर SBF के नेशनल कोऑर्डिनेटर इरफान अहमद ने कहा,
“असली खुशी दूसरों की मदद करने और उनके चेहरों पर मुस्कुराहट लाने में है। यह केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी जिम्मेदार नागरिकों का भी फर्ज है कि हम अपने वंचित भाइयों और बहनों का ख्याल रखें।”

वक्ताओं ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि यह पहल केवल कपड़े बाँटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों के प्रति सम्मान, उम्मीद और सामाजिक समावेशिता का प्रतीक है।

शहर के गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी क़दीर सोनी, गुलाम रसूल (JIH जबलपुर), जियाउलइस्लाम, हस्सान अहमद, S.K. फैज, समीर रूहुल, एहतेशाम और सरदार वसीम सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य की परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से ‘खुशियों के लिबास’ मुहिम इस वर्ष हजारों परिवारों की ईद को रोशन करने में सफल होगी।

Back to top button

You cannot copy content of this page