ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर की मिसाइल हमला

तेहरान | 22 March 2025 | BAZ News Network (BNN) | BAZ Desk | Bazmedia.in
News in Short
- IRGC ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी फौजी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया
- अमेरिका ने ईरानी टेलीकॉम टॉवर और रडार साइट्स पर ड्रोन हमले किए थे
- होर्मुज की खाड़ी में चार तेल टैंकर रोकने के बाद तनाव बढ़ा
ईरान मिसाइल हमला — इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर्प्स (IRGC) ने शनिवार तड़के अमेरिकी फौजी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। कुवैत का अली अल सालेम एयरबेस और बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के अहम ठिकाने निशाने पर रहे। यह कार्रवाई अमेरिकी ड्रोन हमलों के फौरी जवाब में की गई।
होर्मुज की खाड़ी में टैंकर रोके, अमेरिका ने किया हमला
IRGC के बयान के मुताबिक, रात 1:30 बजे चार तेल टैंकर अमेरिकी फौज के “उकसावे और गाइडेंस” में होर्मुज की खाड़ी से बगैर इजाज़त निकलने की कोशिश कर रहे थे। बार-बार चेतावनी के बाद एक टैंकर को निशाना बनाकर रोका गया। बाकी तीन वापस मुड़ गए।
इसके बाद रात 2:30 बजे अमेरिकी ड्रोन ने क़ेशम और सिरिक में टेलीकॉम टॉवर पर हमला किया। IRGC ने इसे “बच्चों को मारने वाली अमेरिकी फौज की दादागिरी” बताया और फौरन जवाबी कार्रवाई की।
अमेरिका ने भी किए रडार साइट पर हमले
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि उसने होर्मुज की खाड़ी की तरफ बढ़ते चार ईरानी अटैक ड्रोन मार गिराए। इसके बाद गोरुक और क़ेशम द्वीप पर ईरानी तटीय निगरानी रडार साइट्स पर हमले किए।
IRGC ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। बयान में कहा गया — “यह शरारत दोहराई गई तो हम सीमित जवाब पर नहीं रुकेंगे।” IRGC ने यह भी कहा कि वाशिंगटन को होर्मुज की खाड़ी से “तेल और गैस के पूरी तरह बंद होने” की ज़िम्मेदारी उठानी होगी।
28 फरवरी से तनाव में ईरान-अमेरिका
IRGC नेवी ने 28 फरवरी से — जब अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर दूसरी बड़ी कार्रवाई शुरू की — होर्मुज की खाड़ी पर पूरा कंट्रोल संभाल रखा है। किसी भी विदेशी फौजी दखल को फौरन जवाब देने की चेतावनी दी जा चुकी है।
खाड़ी इलाके में तनाव खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी ठिकानों पर ईरान का यह सीधा मिसाइल हमला एक नए एस्केलेशन की निशानी है। होर्मुज की खाड़ी — जहां से दुनिया के 20 फीसदी तेल की सप्लाई होती है — अब युद्ध के मैदान में तब्दील हो चुकी है।
📌 Sources & References
- IRNA
- US CENTCOM



