शाहनाला से गलगला तक… जबलपुर की वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और विकास की मांग, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। जबलपुर की प्रमुख वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, अतिक्रमण हटाने, रास्तों को व्यवस्थित करने और इन संपत्तियों का शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बेहतर उपयोग करने की मांग को लेकर जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, जबलपुर ने मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में खास तौर पर शाहनाला कब्रिस्तान, मंसूरी कब्रिस्तान और गलगला कब्रिस्तान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही वक्फ संपत्तियों पर आधुनिक स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, मेडिकल डायग्नोस्टिक सेंटर और MRI जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की गई।
शाहनाला कब्रिस्तान का रास्ता खोलने की मांग
ज्ञापन में शाहनाला कब्रिस्तान तक आम लोगों की पहुंच का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जमाअत ने मांग की कि कब्रिस्तान तक आम नागरिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आर्मी प्रशासन से समन्वय स्थापित किया जाए और आवश्यक रास्ता खुलवाने की ठोस पहल की जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि कब्रिस्तान जैसी महत्वपूर्ण वक्फ संपत्ति तक पहुंच आम लोगों के लिए आसान होना जरूरी है। इसके लिए संबंधित प्रशासनिक और सैन्य अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए।
मंसूरी कब्रिस्तान के आसपास अतिक्रमण हटाने और दुकानों के आवंटन की जांच की मांग
मंसूरी कब्रिस्तान के आसपास दुकानदारों द्वारा किए गए कथित अतिक्रमण का मामला भी ज्ञापन में उठाया गया। जमाअत ने मांग की कि कब्रिस्तान की भूमि और आसपास के क्षेत्र का नियमानुसार परीक्षण कर अतिक्रमण हटाया जाए और क्षेत्र को व्यवस्थित किया जाए।
इसके साथ ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि वक्फ संपत्तियों से जुड़ी दुकानों का आवंटन नियमों के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, ताकि किसी तरह की अनियमितता या विवाद की स्थिति पैदा न हो।
गलगला कब्रिस्तान का सीमांकन और संरक्षण
गलगला कब्रिस्तान को लेकर भी गंभीरता से कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कब्रिस्तान को अतिक्रमण मुक्त कराने, उसकी भूमि का उचित सीमांकन कराने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की बात कही गई।
जमाअत ने कहा कि वक्फ कब्रिस्तानों की भूमि का स्पष्ट सीमांकन और रिकॉर्ड का संरक्षण जरूरी है, ताकि भविष्य में अतिक्रमण या भूमि विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
वक्फ संपत्तियों को शिक्षा और स्वास्थ्य का केंद्र बनाने की मांग
ज्ञापन में केवल संपत्तियों के संरक्षण की बात नहीं बल्कि उनके बेहतर उपयोग का एक व्यापक प्रस्ताव भी रखा गया। जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने कहा कि वक्फ संपत्तियां समाज की अमानत हैं और उनका उपयोग आने वाली पीढ़ियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए किया जाना चाहिए।
जबलपुर में उपलब्ध और उपयुक्त वक्फ संपत्तियों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल, कॉलेज, उच्च शिक्षा संस्थान और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की गई।
मुस्लिम छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हॉस्टल, डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर तथा कंप्यूटर एवं तकनीकी शिक्षा केंद्र स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि वक्फ संपत्तियों का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाए तो ये संपत्तियां समाज के युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के बड़े अवसर पैदा कर सकती हैं।
अस्पताल, MRI और डायग्नोस्टिक सेंटर की मांग
स्वास्थ्य क्षेत्र को भी ज्ञापन में विशेष स्थान दिया गया। जमाअत ने वक्फ संपत्तियों पर आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल डायग्नोस्टिक सेंटर विकसित करने की मांग की।
इसके साथ MRI, CT Scan, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गरीब और जरूरतमंद मरीजों को रियायती दरों पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने की बात कही गई।
युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार केंद्र
ज्ञापन में युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर, महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और शैक्षणिक सहायता की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया।
जमाअत का कहना है कि वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय का उपयोग समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है।
सभी वक्फ संपत्तियों के भौतिक सत्यापन और सीमांकन की मांग
ज्ञापन में जबलपुर और आसपास की वक्फ संपत्तियों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग भी की गई। साथ ही सभी संपत्तियों का सीमांकन, संरक्षण और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग रखी गई।
वक्फ संपत्तियों से प्राप्त किराये और अन्य आय के उपयोग में पारदर्शिता तथा संबंधित कमेटियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को केवल किराये या व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित देखने के बजाय इन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
अंजुमन इस्लामिया के 150 साल पूरे होने पर बधाई
ज्ञापन में अंजुमन इस्लामिया, जबलपुर के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने पर समस्त अंजुमन परिवार को दिली मुबारकबाद भी दी गई। साथ ही इस ऐतिहासिक अवसर को जबलपुर की वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और समाजहित में उनके बेहतर उपयोग के लिए नई पहल से जोड़ने की आवश्यकता बताई गई।
इस अवसर पर मेहंदी हसन वसीम अंसारी, शाहिद अंसारी, यासिर अम्मार अंसारी, सिराज मंसूरी सहित अन्य जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड से मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शाहनाला, मंसूरी और गलगला कब्रिस्तान सहित जबलपुर की अन्य वक्फ संपत्तियों के संरक्षण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए और शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े प्रस्तावों को भी योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।



