नगर निगम सदन में पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी ने उठाई चार नामकरण की मांग, महापौर ने दिया प्रस्ताव लाने का आश्वासन

जबलपुर। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में डॉक्टर जाकिर हुसैन वार्ड की पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी ने वार्ड एवं शहर से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को जोरदार तरीके से सदन के सामने रखा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और मार्गों के नामकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण मांग उठाई।
पार्षद मुकीमा अंसारी ने गोहलपुर थाना चौराहे का नाम “मोमिन ईदगाह चौक” रखने की मांग की। इसके साथ ही चारखम्बा चौक का नाम डॉक्टर जाकिर हुसैन वार्ड के प्रथम पार्षद रहे मुंशी हमीदुल्लाह के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया।
इसी क्रम में बहोराबाग चौराहे का नाम पूर्व पार्षद स्वर्गीय सगीर अहमद अंसारी के नाम पर तथा चारखम्बा चौक से मोमिनपुरा तलैया मार्ग का नाम पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वर्गीय शब्बीर अंसारी के नाम पर रखने की मांग भी सदन में प्रमुखता से उठाई गई।
बताया गया कि नामकरण की इन मांगों पर महापौर ने सदन के भीतर आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी सदन में संबंधित प्रस्ताव लाकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस घोषणा के बाद मांग को लेकर पार्षद समर्थकों में उत्साह देखा गया।
जनहित के दूसरे मुद्दे भी उठाए
बैठक के दौरान पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी ने केवल नामकरण के मुद्दे तक सीमित न रहते हुए वार्ड की साफ-सफाई, नर्मदा जल आपूर्ति सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को भी सदन में प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान की मांग की।
इसके अलावा बहोराबाग चौक पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की मांग भी रखी गई। उनका कहना था कि क्षेत्र में बढ़ते यातायात और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए यहां ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत किया जाना जरूरी है।
बैठक में पार्षद ने वार्ड की बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की। अब आगामी नगर निगम सदन में नामकरण संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई पर निगाह रहेगी।



