नर्मदा नगर या सैफ नगर? दो नामों के बीच उलझे रहवासी, SIR – NRC के डर के बीच दस्तावेजों की चिंता

सरकारी रिकॉर्ड में नर्मदा नगर, जबकि इलाके में सैफ नगर नाम का भी इस्तेमाल; लोगों का सवाल- आधार और वोटर आईडी में किस नाम का करें इस्तेमाल?
सैफ मंसूरी, बाज़ मीडिया जबलपुर। किसी भी व्यक्ति के लिए उसके घर का पता सरकारी दस्तावेजों में बहुत मायने रखता है। आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड और दूसरे जरूरी कागजातों में दर्ज पता ही उसके निवास की पहचान बनता है। ऐसे में यदि एक ही इलाके के दो नाम प्रचलन में हों तो लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है।
रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड के अंतर्गत आने वाले नर्मदा नगर में इन दिनों ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। दावा किया जा रहा है कि सरकारी रिकॉर्ड में इस कॉलोनी का नाम नर्मदा नगर दर्ज बताया जाता है, जबकि स्थानीय स्तर पर इसे सैफ नगर के नाम से भी पहचाना जाने लगा है। एक ही इलाके के दो नाम होने से रहवासी असमंजस में हैं कि आखिर वे अपने सरकारी दस्तावेजों में किस नाम का इस्तेमाल करें।
यह परेशानी ऐसे समय में सामने बढ़ गई है, जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है। मुस्लिम परिवारों में पहले से ही SIR, NRC और नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों को लेकर कई तरह के सवाल और आशंकाएं रहती हैं। ऐसे में कॉलोनी के नाम को लेकर बनी यह स्थिति उनकी चिंता और बढ़ा रही है।
कल दस्तावेजों की जांच में परेशानी तो नहीं होगी?
रहवासियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि उनके आधार कार्ड में नर्मदा नगर लिखा है और किसी दूसरे दस्तावेज में सैफ नगर का उल्लेख है तो भविष्य में उन्हें कोई परेशानी तो नहीं होगी?
लोगों का कहना है कि आज भले ही यह नाम का अंतर सामान्य दिखाई दे रहा हो, लेकिन सरकारी कामकाज में दस्तावेजों का मिलान होने पर उन्हें अपने पते को लेकर सफाई न देनी पड़े, इसकी व्यवस्था पहले से होनी चाहिए।
खासतौर पर बुजुर्गों के पुराने दस्तावेज, बच्चों के स्कूल रिकॉर्ड और परिवार के अलग-अलग सदस्यों के पहचान पत्रों में पते का अंतर होने की आशंका लोगों को परेशान कर रही है।
हालांकि, केवल कॉलोनी के नाम में अंतर होने से किसी की नागरिकता या वोट देने का अधिकार प्रभावित नहीं होता। लेकिन रहवासी चाहते हैं कि उनके पते को लेकर सरकारी स्तर पर कोई भ्रम न रहे।
जेडीए ने बसाई थी कॉलोनी, अब दो नामों से पहचान
बताया जाता है, शहीद अब्दुल हमीद चौक से लगी इस कॉलोनी को वर्षों पहले जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने विकसित किया था। लंबे समय इसकी पहचान नर्मदा नगर के रूप में रही है और सरकारी रिकॉर्ड में भी यही नाम दर्ज बताया जाता है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र के एक बड़े कारोबारी ने अपने परिजन के नाम पर फ्लैक्स और बैनर लगवाकर इलाके को सैफ नगर के नाम से प्रचारित करना शुरू किया। धीरे-धीरे इस नाम का इस्तेमाल भी बढ़ने लगा।
शुरु में इस तरफ आम लोगों ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन समय के साथ बदले राजनीतिक परिदृश्य SIR और NRC आदि से जुड़े संदेह के चलते जब लोग दस्तावेजों को लेकर फिक्रमंद होना शुरु हुये तो इस दिशा में भी सोचने लगे.
इसके बाद लोगों के सामने सवाल खड़ा हो गया कि सरकारी रिकॉर्ड में क्या दर्ज है नर्मदा नगर या सैफ नगर..? वो अपने बच्चों के दस्तावेजों में अपने पते में क्या लिखवाएं.. नर्मदा नगर या सैफ नगर..?
नगर निगम और जेडीए स्पष्ट करें स्थिति
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम और जेडीए को इस मामले में स्थिति साफ करनी चाहिए। यदि सरकारी रिकॉर्ड में कॉलोनी का नाम नर्मदा नगर ही है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि लोग अपने आधार कार्ड, वोटर आईडी और दूसरे दस्तावेजों में सही पता दर्ज करा सकें।
वहीं, यदि सैफ नगर नाम को सरकारी मान्यता देने के लिए कोई प्रक्रिया पूरी की गई है तो उससे जुड़े आदेश और दस्तावेज भी सामने लाए जाने चाहिए।
लोगों की मांग है कि प्रशासन समय रहते इस उलझन को दूर करे, ताकि भविष्य में SIR या किसी अन्य सरकारी प्रक्रिया के दौरान उन्हें अपने ही घर का पता साबित करने में परेशानी न उठानी पड़े। आखिरकार, लोगों को सिर्फ इतना भरोसा चाहिए कि उनके पते और पहचान को लेकर सरकारी रिकॉर्ड में कोई भ्रम नहीं रहेगा।
लोगों को नाम से नहीं, भविष्य की परेशानी से है चिंता
इस पूरे मामले में आमजन की मांग किसी एक नाम के पक्ष या दूसरे नाम के विरोध की नहीं है। उनके लिए नर्मदा नगर भी सम्मान और पहचान से जुड़ा नाम है और सैफ नगर नाम से भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनकी चिंता सिर्फ इतनी है कि आखिर वे अपने और अपने बच्चों के सरकारी दस्तावेजों में पता लिखते समय किस नाम का इस्तेमाल करें?
आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड और स्कूल के रिकॉर्ड में पते को लेकर आगे कोई अंतर या परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। रहवासी चाहते हैं कि कोई सक्षम अधिकारी या संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि, जैसे विधायक, सांसद या मंत्री, आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट करे कि इस क्षेत्र का मान्य नाम क्या है और सरकारी दस्तावेजों में किस नाम का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
आखिरकार, लोगों की मांग नर्मदा नगर या सैफ नगर में से किसी एक नाम को चुनने की नहीं, बल्कि अपने घर और पहचान को लेकर भविष्य की अनिश्चितता खत्म करने की है। वे आज ही यह स्पष्टता चाहते हैं, ताकि कल उन्हें या उनके बच्चों को अपने ही पते को लेकर किसी सरकारी दफ्तर में सफाई न देनी पड़े।



