Advertisement
News

दिनदहाड़े मर्डर से दहला जबलपुर- बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहा था ‘राजा’, तभी चौराहे पर घेरकर सिर में मारी गोली— CCTV में कैद हमलावर!

जबलपुर। शहर के रांझी इलाके में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। शिव शक्ति चौराहे पर अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक सिविल कांट्रेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय क्लेरिंस उर्फ राजा, जो ओएफके और नगर निगम में सिविल वर्क के ठेके लेता था, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह रांझी स्थित शिव शक्ति चौराहे के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश उसके करीब आए और बेहद करीब से उसके सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही राजा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

विज्ञापन

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर रांझी सीएसपी सतीश साहू, थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी और एसएफएल टीम पहुंची। घायल को 108 एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद और सिविल ठेकों को लेकर प्रतिस्पर्धा की बात सामने आ रही है।

विज्ञापन

थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। दिनदहाड़े चौराहे पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button

You cannot copy content of this page