Advertisement
News

घमापुर में महिला की हत्या से सनसनी, सूने मकान में मिला शव

फरार मकान मालिक पर हत्या का मामला दर्ज, दुष्कर्म की आशंका भी

Jabalpur के घमापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरों में काम कर जीवनयापन करने वाली 38 वर्षीय आरती चौधरी का शव एक सूने मकान में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मकान मालिक अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने अतुल कोरी के मकान का दरवाजा बाहर से बंद देखा। काफी देर तक घर के भीतर कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो कमरे में आरती चौधरी का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस मकान में महिला का शव मिला, वहां अतुल कोरी अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां दो दिन पहले एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गई हुई थी, जिसके चलते मकान सूना था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

विज्ञापन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की होगी और विरोध करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद आरोपी अतुल कोरी फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

विज्ञापन

इधर घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय पार्षद अविनाश चमकेल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि मृतका आरती चौधरी पर अपने छोटे बच्चे की जिम्मेदारी थी और वह घरों में काम कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

विज्ञापन
Back to top button

You cannot copy content of this page