हादसा, साजिश या गुमशुदा : 17 दिन से नईम लापता, दर-दर भटक रहे परिजन

मध्य प्रदेश के शहडोल की पुरानी बस्ती वार्ड 27 निवासी मोहम्मद नईम अहमद पिछले 17 दिनों से लापता है। 7 अप्रैल की रात घर से निकला नईम अब तक वापस नहीं लौटा, जिससे उसके परिवार में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार, नईम अहमद 7 अप्रैल को अपने एक मित्र के घर जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ समय बाद लौट आएगा, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। अगले दिन से ही परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में हर संभव जगह खोजबीन की, लेकिन नईम का कोई पता नहीं चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके भाई ने 8 अप्रैल को कोतवाली थाना शहडोल में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
नईम के पिता हमीद अहमद और परिवार के अन्य सदस्य लगातार लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि “हमें बस इतना चाहिए कि हमारा बेटा सुरक्षित वापस घर आ जाए।” परिवार ने आम नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि यदि किसी को नईम के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत उनके मोबाइल नंबर 7354786120 और 9584050561 पर संपर्क करें।
इस बीच, परिजनों ने पुलिस प्रशासन से भी मामले में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलना बेहद चिंताजनक है। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते तेजी से कार्रवाई होती, तो शायद अब तक कोई जानकारी मिल सकती थी।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही लगातार तलाश की जा रही है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही नईम का पता लगाने की कोशिश सफल होगी।
फिलहाल, पूरे मामले में परिवार उम्मीद और चिंता के बीच झूल रहा है। हर गुजरते दिन के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है और वे नईम की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।



