Advertisement
JabalpurNews

जबलपुर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन कल, पैदल मार्च के बाद एसपी ऑफिस का घेराव

जबलपुर। शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और अराजक होते यातायात के खिलाफ कांग्रेस ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के सभी प्रकोष्ठ और विंग 20 जनवरी, मंगलवार को रामलीला मैदान (बाई का बगीचा) से पैदल कूच कर एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।

पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्तमान हालात में आम नागरिक भय, असुरक्षा और अराजकता के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि इस समय संविधान द्वारा दिए गए जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकारों का हनन हो रहा है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 1 बजे रामलीला मैदान से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और सांकेतिक घेराव किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेता कदीर सोनी, नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, दिनेश यादव, सैय्यद ताहिर अली, मतीन अंसारी, याकूब अंसारी, इस्तियाक अंसारी, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष अशरफ मंसूरी, गुलाम हुसैन, कलीम खान अन्य नेता उपस्थित रहे।

विज्ञापन

कांग्रेस का आरोप: अपराध बढ़े, प्रशासन नाकाम

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, चाकूबाजी, अवैध वसूली और महिलाओं से अभद्रता जैसी संगीन घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं शासन और प्रशासन अपने संवैधानिक दायित्वों को निभाने में विफल साबित हो रहे हैं।

आंदोलन में कांग्रेस विशेष रूप से इन मुद्दों पर जोर दे रही है:

  • शहर में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण में पुलिस की असफलता
  • जुआ-सट्टा और अवैध मादक पदार्थों का खुलेआम संचालन
  • कथित तौर पर इन गतिविधियों पर पुलिस संरक्षण
  • अवैध नशीली दवाओं, इंजेक्शन और मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई न होना

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने प्रशासन से ये मांगें रखी हैं:

  1. अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष, त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो
  2. अवैध नशे और जुआ-सट्टा नेटवर्क पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध
  3. निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को झूठे मामलों में फंसाने की प्रक्रिया पर रोक
  4. पुलिस प्रशासन को उसके संवैधानिक उत्तरदायित्वों के प्रति जवाबदेह बनाया जाए

आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का दावा

कांग्रेस ने दावा किया है कि इस जन आंदोलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में जागरूक नागरिक शामिल होंगे।

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page