Advertisement
JabalpurNews

बरगी नहर में बड़ा हादसा: तेज बहाव में बह गईं 4 चचेरी बहनें, घंटों से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन

जबलपुर। सालीवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार पूर्वान्ह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बरगी नहर के किनारे रील बना रही चार नाबालिग लड़कियां अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गईं। इनमें से एक लड़की किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई, जबकि तीन गहरे पानी में समा गईं। देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दो लड़कियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अब भी लापता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटेल परिवार की चारों लड़कियां सालीवाड़ा बरगी में एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार को लगभग 11 बजे चारों सहेलियां नहर किनारे नहाने के लिए पहुंचीं। इसी दौरान वे मोबाइल फोन से रील बना रही थीं। अचानक संतुलन बिगड़ने से एक-एक कर चारों लड़कियां फिसलकर नहर में जा गिरीं।

विज्ञापन

बताया जा रहा है कि एक लड़की को तैरना आता था, जिसने किसी तरह खुद को बचा लिया। बाहर निकलने के बाद उसने अपनी सहेलियों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन नहर का तेज बहाव उसके प्रयासों पर भारी पड़ा और बाकी तीन लड़कियां देखते ही देखते पानी में बह गईं।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज धारा के कारण वे भी असफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। होमगार्ड के गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

विज्ञापन

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर शीतल पटेल (16 वर्ष) और सानिया पटेल (14 वर्ष) के शव बरामद कर लिए गए। वहीं तनु पटेल (14 वर्ष) की तलाश देर रात तक जारी रही।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपनी बेटियों के शव देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

👉 सावधानी जरूरी: प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहर और नदी जैसे तेज बहाव वाले जलस्रोतों के किनारे विशेष सावधानी बरतें, खासकर फोटो और रील बनाने के दौरान जोखिम न लें।

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page