JabalpurNews

जबलपुर मौसम : विदा ले रहे मानसूनी बादल कर रहे तरबतर, छुटपुट बारिश से तापमान में गिरावट

जबलपुर में मानसून अपने अंतिम पड़ाव में है, लेकिन विदा लेते-लेते शहर को लगातार तरबतर कर रहा है। शनिवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिज़ाज बदल दिया। दुर्गोत्सव के आयोजनों में बारिश से थोड़ी अव्यवस्था ज़रूर हुई, लेकिन मौसम खुलते ही श्रद्धालु गरबा और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने सड़कों पर उतर पड़े।

मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के कारण बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों में जिले में गरज-चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग का कहना है कि मानसून अब विदा ले रहा है, मगर जाते-जाते दो–चार दिन और बरसात होगी। इसके बाद शीत ऋतु का आगाज होगा।

शनिवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 24.08 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। हवा में नमी सुबह 89 प्रतिशत और शाम को 93 प्रतिशत दर्ज की गई।

Advertisement

बीते 24 घंटों के दौरान शहर में 6.6 मिमी वर्षा हुई। इस सीज़न की कुल बारिश अब तक 1180.06 मिमी (लगभग 48 इंच) दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी दिन तक 1464.0 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी थी।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। सूर्यास्त शनिवार को शाम 6:01 बजे और सूर्योदय रविवार को सुबह 6:01 बजे दर्ज किया गया।

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page