JabalpurMadhya PradeshNews

जबलपुर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा । जाकिर हुसैन ब्लॉक को छोड़ सभी के नाम घोषित

सेंट्रल डेस्क, बाज मीडिया, जबलपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मंगलवार देर रात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी। इस सूची में जबलपुर जिले के अंतर्गत आने वाले लगभग सभी ब्लॉकों के अध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। केवल पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला डॉ. जाकिर हुसैन ब्लॉक फिलहाल सूची से बाहर रखा गया है, जिसे लेकर संगठन स्तर पर मंथन जारी होने की बात कही जा रही है। आसान शब्दों में यह है कि जबतक नये अध्यक्ष की घोषणा नहीं होती जाकिर हुसैन ब्लॉक कांग्रेस के वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष आजम अली खान अध्यक्ष रहेंगे.

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नई नियुक्तियों से संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत होगी और आगामी नगरीय निकाय व विधानसभा चुनावों की तैयारियों को नई दिशा मिलेगी। ब्लॉक स्तर पर सक्रिय, स्थानीय और संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेताओं को जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाना चाहती है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि यह नियुक्तियां संगठन सृजन अभियान के तहत की गई हैं, ताकि लंबे समय से निष्क्रिय पड़े कुछ क्षेत्रों में नई ऊर्जा का संचार हो सके। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को धार देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

पूर्व और उत्तर विधानसभा क्षेत्र
जबलपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मोतीलाल नेहरू ब्लॉक से अभिषेक चंदेल तथा राधा कृष्णन ब्लॉक से अशित सिंह यादव को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी ब्लॉक से समर्थ अवस्थी, मौलाना आजाद ब्लॉक से सिद्धांत जैन ‘गोलू’ और कमला नेहरू ब्लॉक से मेवालाल पटेल को संगठन की कमान सौंपी गई है।

Advertisement

कैंट और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र
जबलपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र में रांझी खमरिया (उपब्लॉक) से आशुतोष वत्स, कैंट ब्लॉक से पवन कनोजिया तथा गोकुलपुर (उपब्लॉक) से आदित्य मिश्रा को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जवाहर लाल नेहरू (उपब्लॉक) से बलवंत गुर्जर, इंदिरा गांधी (उपब्लॉक) से अभिषेक पाठक, मदन महल (उपब्लॉक) से सलिल चौकसे और शंकर शाह ब्लॉक से प्रमोद पटेल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पनागर और सिहोरा विधानसभा क्षेत्र
पनागर विधानसभा क्षेत्र में पनागर ब्लॉक से संजय श्रीवास्तव, बरेला से मुकेश कुमार पटेल तथा महाराजपुर (उपब्लॉक) से सुभाष पटेल को जिम्मेदारी दी गई है।
सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में सिहोरा से बिहारी पटेल, कुंडम से विपिन जायसवाल और गोसलपुर (उपब्लॉक) से अजय सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है।

पाटन और बरगी विधानसभा क्षेत्र
पाटन विधानसभा क्षेत्र में पाटन से संजय यादव, मझौली से अंबर राजपूत, कटंगी (उपब्लॉक) से नेक नारायण सिंह लोधी तथा पौड़ी (उपब्लॉक) से प्रदीप पटेल को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बरगी विधानसभा क्षेत्र में बरगी से श्रीमती मुन्नी बाई, शहपुरा से सोनू दुबे, चरगवां (उपब्लॉक) से संतोष कुमार डेहरिया और बेलखेड़ा (उपब्लॉक) से दुर्गेश पटेल (लोधी) को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूची जारी होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है। कई स्थानों पर समर्थकों ने नवनियुक्त अध्यक्षों का स्वागत किया, वहीं डॉ. जाकिर हुसैन ब्लॉक के नाम की घोषणा न होने को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शेष ब्लॉक की घोषणा जल्द की जा सकती है।

Back to top button

You cannot copy content of this page