
जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल हॉस्टल से लापता हुए कक्षा 6वीं के दो छात्र आखिरकार स्कूल परिसर के ही एक बंद कमरे में रखी आलमारी के पास छिपे मिले। पुलिस को देखते ही दोनों बच्चे रो पड़े और उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन पर निर्धारित समय पर परिजनों से बात न करने देने का आरोप लगाया।
करीब 10-10 साल के दोनों छात्रों ने रोते हुए पुलिस को बताया कि उन्हें अपने घर की बहुत याद आती है और वे पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन इस हॉस्टल में नहीं रहना चाहते। बच्चों की भावनाओं को देखते हुए पुलिस ने उनके परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद परिजन, स्कूल व हॉस्टल प्रबंधन तथा बच्चों के बीच चर्चा कर उन्हें समझाइश दी गई। अंतिम निर्णय बच्चों के परिजनों पर छोड़ा गया है।

माढ़ोताल पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन वैली स्कूल में हॉस्टल में रहने वाले कक्षा 6वीं के दो छात्र शाम के समय अचानक लापता हो गए थे। हॉस्टल प्रबंधन ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम के साथ हॉस्टल प्रबंधन के मनीष रजक और उनकी टीम ने स्कूल परिसर की तलाशी ली, जहां एक कमरे में आलमारी के पास से दोनों बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
परिजनों को बुलाकर हुई चर्चा ……..
बच्चों के मिलने के बाद उनके परिजनों को स्कूल परिसर बुलाया गया और पूरी घटना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित खोज लिया। बच्चों ने स्कूल प्रबंधन पर कुछ आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पढ़ाई का दबाव या मासूम शरारत…
प्राथमिक पूछताछ में बच्चों ने कहा कि उन्हें परिजनों से बात नहीं करने दी जाती, इसलिए वे कमरे में छिप गए थे। वहीं उनके साथ पढ़ने वाले अन्य छात्रों का कहना है कि दोनों पढ़ाई के दबाव में मजाक-मजाक में छिपकर बैठ गए थे। हॉस्टल प्रबंधन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक व्यवस्थाओं में सुधार लाने की बात पुलिस से कही है।
पुलिस ने लिए बयान माढ़ोताल पुलिस ने स्कूल व हॉस्टल प्रबंधन, बच्चों के परिजनों तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चों द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



