
जबलपुर, 19 मार्च 2026 । तेज़ी से बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही शहर का मौसम बदला-बदला नजर आया। बुधवार रात जहां ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी, वहीं गुरुवार को आसमान में दिनभर बादलों का डेरा रहा।
दिन में धूप और बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा। दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का अहसास बनाए रखा, लेकिन शाम ढलते ही फिर बादल छा गए और हवाएं तेज चलने लगीं। लोगों को बारिश की उम्मीद थी, हालांकि देर रात तक बादल नहीं बरसे।
21 मार्च तक ऐसे ही रहेंगे मौसम के तेवर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 मार्च तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। जबलपुर सहित संभाग के कई जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों से लेकर ओडिशा होते हुए तटीय आंध्रप्रदेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके प्रभाव से अरब सागर की ओर से नमी आ रही है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी प्रति चक्रवातीय हवाओं के कारण बंगाल की खाड़ी से पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर भी पर्याप्त नमी पहुंच रही है। यही कारण है कि बादलों की आवाजाही बढ़ी है और तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
तापमान सामान्य से ऊपर
पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर का अधिकतम तापमान 35.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।
हवा में नमी सुबह 43 प्रतिशत और शाम को 31 प्रतिशत आंकी गई। दक्षिण-पश्चिमी हवा की रफ्तार 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सूर्योदय सुबह 6:13 बजे और सूर्यास्त शाम 6:21 बजे हुआ।
प्रदेश में तापमान का हाल
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 12.08 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी जिले में रिकॉर्ड हुआ।
पिछले वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 34.08 और न्यूनतम 16.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
अगले 24 घंटे अहम
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम में आए इस बदलाव से फिलहाल लोगों को तेज धूप और बढ़ती गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, हालांकि रात में उमस का एहसास बढ़ा हुआ है।



