Advertisement
News

एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव में वकीलों ने बढ़-चढ़कर डाले वोट, 16 जून से होगी मतगणना

मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर मंगलवार को प्रदेशभर में वकीलों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। जबलपुर जिला अदालत और हाईकोर्ट परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण मतदान की खबरें सामने आई हैं।

जानकारी के मुताबिक इस चुनाव में करीब 80 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश के सवा लाख से ज्यादा पंजीकृत वकीलों का प्रतिनिधित्व करने वाली इस महत्वपूर्ण संस्था के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खास दिलचस्पी दिखाई दी।

इस बार चुनाव में कुल 23 सदस्यों का चयन किया जाना है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य शामिल हैं। इन सीटों के लिए कुल 122 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 98 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

विज्ञापन

मतदान प्रक्रिया मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चली। जबलपुर हाईकोर्ट के साउथ ब्लॉक और जिला अदालत परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों पर दिनभर अधिवक्ताओं की आवाजाही बनी रही। कई जगहों पर वोट डालने के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वकीलों में उत्साह कम नहीं हुआ।

पूरे प्रदेश में करीब 87 हजार मतदाताओं के लिए 250 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो, वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ और अन्य अधिकारियों द्वारा की गई। अधिकारियों के अनुसार सभी जिलों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

विज्ञापन

बार काउंसिल चुनाव को अधिवक्ताओं की राजनीति और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अहम चुनावों में माना जाता है। चुने जाने वाले सदस्य वकीलों के हितों, कानूनी व्यवस्था और बार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बताया गया है कि मतदान के बाद अब मतगणना की प्रक्रिया 16 जून से शुरू होगी। वोटों की गिनती एकल संक्रमण पद्धति यानी वरीयता क्रम प्रणाली के आधार पर की जाएगी। चुनाव परिणाम को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।

विज्ञापन

Jabalpur Baz

बाज़ मीडिया जबलपुर डेस्क 'जबलपुर बाज़' आपको जबलपुर से जुडी हर ज़रूरी खबर पहुँचाने के लिए समर्पित है.
Back to top button

You cannot copy content of this page