
BAZ News Network : जबलपुर में शुक्रवार को मौसम से लेकर प्रशासन, अपराध और शिक्षा जगत तक कई बड़ी खबरें सामने आईं। शहर में तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया तो वहीं नवागत जेडीए अध्यक्ष ने पदभार संभालते ही विकास कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी। दूसरी ओर गोराबाजार में लाखों की चोरी के मामले में पुलिस पर सवाल उठे, आईपीएल सट्टे पर कार्रवाई हुई और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में छात्रों ने अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके अलावा गेहूं खरीदी केंद्रों पर कलेक्टर की सख्ती और हत्या के मामले में अदालत के फैसले ने भी दिनभर सुर्खियां बटोरीं।
15 मई जबलपुर की प्रमुख खबरें …
गर्मी बेकाबू, बादलों से बढ़ी उमस

जबलपुर में गर्मी अब लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। शहर में कभी तेज धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के चलते उमस लगातार बढ़ रही है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग सिर पर गमछा, टोपी व कपड़ा बांधकर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.02 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी सुबह 50 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत दर्ज की गई।
रात में हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस और ज्यादा बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटों में जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
गर्मी के चलते शहर में कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का रस, नारियल पानी और आम पना की मांग बढ़ गई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान विदिशा और छतरपुर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नवागत जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन एक्शन मोड में

जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने कार्यभार संभालते ही विकास कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है। शुक्रवार को पहली बार जेडीए कार्यालय पहुंचे अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की लंबित परियोजनाओं की रिपोर्ट तलब की।
कार्यालय पहुंचने पर जेडीए सीईओ दीपक वैद्य और उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी ने उनका स्वागत किया। बैठक में शहर के अधूरे प्रोजेक्ट्स, विकास योजनाओं और लंबित मामलों पर चर्चा हुई।
संदीप जैन ने स्पष्ट कहा कि शहर का विकास उनकी प्राथमिकता है और सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
सूत्रों के मुताबिक आने वाले समय में जेडीए की कार्यप्रणाली में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
चाची की हत्या करने वाले भतीजे को उम्रकैद
पाटन न्यायालय ने चाची की हत्या के मामले में आरोपी संतोष सिंह लोधी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
मामला वर्ष 2022 का है, जब बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरा देही में पैसों के विवाद को लेकर आरोपी ने अपनी चाची फल्लीबाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संदीप जैन ने पैरवी करते हुए 15 गवाह पेश किए। सबूतों और गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
गोराबाजार में लाखों की चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
गोराबाजार थाना क्षेत्र के कजरवारा पुरानी बस्ती में हुई 8 से 9 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित कंधी लाल उपाध्याय के अनुसार 10 मई की रात वह अपने पुत्र के घर बिलहरी में रुके थे। इसी दौरान चोर उनके सूने मकान में घुस गए और आलमारी का लॉक सिस्टम खोलकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए।
घटना के बाद पुलिस और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे, लेकिन अब तक कोई बड़ा सुराग नहीं मिल पाया है।
अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडेय ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल पर मिले संदिग्ध जूते तक पुलिस ने जब्त नहीं किए।
पीड़ित परिवार ने चोरों की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
आईपीएल क्रिकेट सट्टा खेलने वाला गिरफ्तार
सिविल लाइन पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और 1700 रुपए नकद जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर कल्चुरी होटल गेट के पास कार्रवाई की गई। यहां गोरखपुर निवासी 34 वर्षीय शिवा जॉर्ज मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगाते पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब और मुंबई टीम के मैच पर करीब 1 लाख 23 हजार रुपए का दांव लगा चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
रादुविवि में छात्रों का प्रदर्शन, परीक्षा विभाग पर लगाए आरोप
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और कुलसचिव कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।

नेशनल एजुकेशन यूथ यूनियन के छात्रों ने विश्वविद्यालय के गोपनीय और परीक्षा विभाग में अनियमितताओं का आरोप लगाया। छात्रों ने ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग की।
छात्र नेताओं का आरोप था कि बिना आवश्यकता गेस्ट फैकल्टी नियुक्त की जा रही है और विवादित लोगों को महत्वपूर्ण विभागों में पदस्थ किया गया है।
प्रदर्शन में नीरज शर्मा, अविनाश गोस्वामी, यशराज मौर्य, सुमित शर्मा, धीरज शर्मा समेत कई छात्र नेता मौजूद रहे।
गेहूं खरीदी केंद्र पर कलेक्टर सख्त

जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने देर रात गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कटंगी मार्ग स्थित गर्रेहा के शकुन वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान गेहूं खुले में रखा मिला, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को मौसम को देखते हुए गेहूं के सुरक्षित भंडारण और किसानों की उपज की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन का कहना है कि गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को परेशानी से बचाने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।



