
BAZ NEWS Network । गोहलपुर क्षेत्र स्थित मदरसा मुहम्मदिया, आज़ाद नगर पानी की टंकी के नीचे में बच्चों का नौवां सालाना तक़रीरी प्रोग्राम बड़े ही अदब और दीनियात माहौल में आयोजित किया गया। इस मौके पर मदरसे के तलबा व तालिबात ने मुख़्तलिफ इस्लामी और अख़लाक़ी मउज़ूआत पर शानदार तक़ारीर पेश कर अपनी काबिलियत और इल्मी सलाहियत का बेहतरीन मुज़ाहिरा किया।

प्रोग्राम में बच्चों ने नमाज़ की अहमियत, क़ुरआन-ए-करीम की फ़ज़ीलत, वालदैन के हुक़ूक़, तौहीद की अहमियत और मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ जैसे अहम विषयों पर दिल को छू लेने वाली तक़रीरें पेश कीं। बच्चों ने अपने अंदाज़-ए-बयान और इल्मी तैयारी से मौजूद लोगों को काफी मुतास्सिर किया। मौजूदीन ने बच्चों की हौसला अफज़ाई करते हुए उनकी कोशिशों की भरपूर तारीफ़ की।
इस तक़रीरी प्रोग्राम में कई उलेमा-ए-किराम और समाज की अहम शख्सियतों ने शिरकत की और अपने ख़िताबात के ज़रिये बच्चों व अभिभावकों को दीन की तालीम और बेहतर अख़लाक़ की अहमियत से आगाह किया।

इस मौके पर शैख़ अब्दुल जब्बार सनाबिली, मौलाना मोहम्मद राशिद फैज़ी, मौलाना खतीब आलम सल्फी, मौलाना हामिद मोहम्मदी और मस्जिद-ए-मोहम्मदी के मुतवल्ली अबू अरशद अंसारी ने अपने ख़िताबात पेश किए।
मेहमान-ए-ख़ुसूसी के तौर पर डॉ. अब्दुल लतीफ़ खान साहब भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों की तालीमी और दीनी तरबियत की अहमियत पर रोशनी डालते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों को दुनियावी तालीम के साथ दीन की बुनियादी तालीम देना भी बेहद ज़रूरी है।

मदरसे के मुतवल्ली अबू अरशद अंसारी ने प्रोग्राम के कामयाब आयोजन पर तमाम मेहमानों, वालदैन और तआवुन करने वालों का शुक्रिया अदा किया। वहीं मदरसे के मोअल्लिमीन नवेद अहमद फैज़ी, अब्दुल जब्बार सनाबिली और मोहम्मद सिराज साहब ने बच्चों की तैयारी में अहम किरदार अदा किया।

प्रोग्राम के आखिर में मदरसे के कामयाब तलबा व तालिबात को गिरां-क़द्र इनाआमात से नवाज़ा गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ़ दिखाई दिया। कार्यक्रम का समापन दुआ के साथ हुआ।




