
BAZ NEWS NETWORK। शहर के कई वार्डों में लगातार बनी हुई जल समस्या, बदहाल सफाई व्यवस्था और अधूरे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। टक्कर ग्राम वार्ड, शास्त्री वार्ड, अशफाक उल्लाह वार्ड, मौलाना आजाद वार्ड, राधाकृष्णन वार्ड एवं संजय गांधी वार्ड में व्याप्त समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निगम के भानतलैया जोन कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन क्षेत्र विधायक लखन घनघोरिया, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कदीर सोनी के नेतृत्व में किया गया, कार्यक्रम का संयोजन गुलाम हुसैन ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं पर आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से मटका भेंट किया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में गहराते जल संकट और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए प्रशासन का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करना था।
इस दौरान कांग्रेस नेता राजू लाइक, गुड्डू नबी, ताहिर अली, हामिद मंसूरी, तौफीक चंकी, याकूब अंसारी, आसिफ इकबाल, संजय अहिरवार, अमीन कुरैशी, राजेश दीवान, अदनान अंसारी, ओवैस अंसारी, अशरफ मंसूरी, सफीक अंसारी, गुलाम जिलानी, ज्ञानी चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के बाद आयुक्त नगर निगम के नाम संभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए कहा गया कि मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान में निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य जल्द पूरा कर पाइपलाइन शुरू कराई जाए। टेढ़ी नीम क्षेत्र में अमृत जल योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत पानी टंकी निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा बरसात से पहले मोतीनाला, मंडी कब्रिस्तान नाला और खूनी नाला की साफ-सफाई कराई जाए।
इसके अलावा वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या बढ़ाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, बकरीद पर्व से पहले साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। ज्ञापन में बोहरबाग चौराहे के चौड़ीकरण, ट्रैफिक सिग्नल लगाने, प्रत्येक वार्ड में कम से कम तीन नए बोरवेल कराने और रुके हुए विकास कार्यों को जल्द शुरू करने की मांग भी शामिल रही।
टक्कर ग्राम वार्ड के अंतर्गत नूरानी गेट से दादा मियां दो नंबर गेट तक 8 इंच पाइपलाइन बिछाने, टक्कर ग्राम और शास्त्री वार्ड के बीच खूनी नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने तथा कब्रिस्तान एवं सिंधी कैंप के मध्य स्थित नाले का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
पूर्व एमआईसी सदस्य एवं पार्षद गुलाम हुसैन ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से पानी, सफाई और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही है, लेकिन नगर निगम प्रशासन लगातार अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतें और मांगें किए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते जनता की आवाज उठाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



