
जबलपुर। शहर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और अब आने वाले दिनों में लोगों को और अधिक तपिश झेलनी पड़ सकती है। ग्रीष्म ऋतु के सबसे अधिक गर्म माने जाने वाले नौ दिनों यानी नौतपा की शुरुआत 25 मई से होने जा रही है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चटख धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को दिनभर परेशान किया। मौसम के इस तेवर को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार नौतपा के दौरान गर्मी अपने कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
नौतपा को लेकर परंपरागत मान्यता है कि यह नौ दिन गर्मी के सबसे तीव्र दिन होते हैं। ज्येष्ठ माह में विशेष नक्षत्रों के दौरान पड़ने वाले इन दिनों को कृषि और मौसम के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। लोक मान्यताओं के अनुसार नौतपा जितना अधिक तपता है, उतनी ही अच्छी वर्षा होने की संभावना मानी जाती है। वहीं यदि इन दिनों बारिश हो जाए तो अल्पवर्षा के संकेत माने जाते हैं।
हालांकि मौसम के पुराने अनुभव बताते हैं कि हर बार नौतपा केवल भीषण गर्मी ही लेकर नहीं आता। कई बार इन्हीं दिनों में अंधड़ और बारिश का दौर भी देखने को मिला है। ऐसे में इस बार मौसम किस करवट बैठेगा, इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।
ज्योतिषाचार्य पी.एल. गौतमाचार्य के अनुसार इस वर्ष अच्छी वर्षा के संकेत दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि जुलाई माह में राहु और शनि के प्रभाव के कारण तेज हवाएं चल सकती हैं और औसत वर्षा की स्थिति बन सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि नौतपा के दौरान ग्रह स्थिति तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर वर्षा के संकेत भी दे रही है।
दूसरी ओर मौसम विभाग का आकलन इससे अलग दिखाई दे रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल वातावरण पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।
तुलना करें तो पिछले वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इससे साफ है कि इस बार गर्मी ने पहले ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हवा में नमी 34 प्रतिशत और शाम को 22 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस नौगांव (छतरपुर) में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
आने वाले नौ दिन जबलपुरवासियों के लिए परीक्षा जैसे साबित हो सकते हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नौतपा केवल गर्मी लेकर आएगा या मौसम कुछ राहत भी देगा।



