
जबलपुर, 15 जून । गोरखपुर थाना क्षेत्र के डॉ. भंडारी अस्पताल के समीप स्थित राजुल डुप्लेक्स में सोमवार दोपहर हुई दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की गई। पुलिस को मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
सीएसपी गोरखपुर महादेव नागोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान दीपेश राठौर और शक्ति काली के रूप में हुई है। दोनों व्यावसायिक साझेदार थे और राजुल डुप्लेक्स स्थित मकान में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपेश राठौर फर्नीचर व्यवसाय शुरू करने की तैयारी कर रहा था, जबकि शक्ति काली ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थीं। दोनों के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
गोलीबारी की आवाज से मचा हड़कंप
स्थानीय निवासियों ने बताया कि दोपहर के समय गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तत्काल गोरखपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के भीतर दोनों के शव पड़े मिले।
मृतक दीपेश राठौर का संबंध शहर के एक पूर्व महापौर के परिवार से दूर के रिश्ते के रूप में बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व महापौर भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों से जानकारी ली।
फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलने के बाद सीएसपी एमडी नागोतिया, थाना प्रभारी नितिन कमल और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कमरे से खून के नमूने, हथियारों के अवशेष और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। साथ ही उंगलियों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर ही घटना के सही कारणों और घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आत्महत्या से पहले हत्या किए जाने की इस सनसनीखेज घटना के पीछे की वास्तविक वजह तलाशने में जुटी हुई है।



